राजनांदगांव

बूंदाबांदी के साथ दिनभर छायी बदली
07-Dec-2024 3:07 PM
बूंदाबांदी के साथ दिनभर छायी बदली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 7 दिसंबर।
शनिवार को मौसम के करवट बदलने से तापमान में गिरावट आ गई। बूंदाबांदी के साथ दिनभर बदली छाई रही। मौसम के रूख बदलने से पिछले दो दिनों से उमस और बेचैनी झेल रहे लोगों को राहत मिली है।

बताया जा रहा है कि खाड़ी से आ रही नमी से आसमान में बादलों का जमावड़ा हो गया। मौसम विभाग ने 8 से 9 दिसंबर के बीच बारिश होने का भी अनुमान जाहिर किया है। शनिवार सुबह तेज छींटे पड़े। बूंदाबांदी होने से मौसम खुशगवार हो गया। बंगाल की खाड़ी से लगातार नम हवाएं चल रही है। जिसका असर बादल छाने के रूप में आया। पश्चिम विक्षोभ का सिस्टम भी मौसम को बदलने की एक वजह बना।  अगले दो-तीन दिनों में बारिश होने के आसार बने रहेंगे। बताया जा रहा है कि अगले सप्ताह सोमवार के बाद मौसम साफ होगा। मौसम खुलने से ठंड बढऩे की उम्मीद जाहिर की गई है। इसके बाद तापमान में गिरावट भी होगी। 

इस बीच राजनांदगांव समेत मोहला-मानपुर, खैरागढ़ जिले में भी बूंदाबांदी होने की खबर है। खासतौर पर पठारी इलाकों में भी छींटे पड़े हैं। वनांचल मोहला-मानपुर में ठंड का अहसास बढ़ा है।  इसी तरह खैरागढ़ जिले के साल्हेवारा और गातापार क्षेत्र में भी मौसम बदलने से ठंड बढ़ी है। आसमान से बादलों के छटते ही ठंड का व्यापक असर रहेगा। जिले का तापमान वर्तमान में 20 से 22 डिग्री सेल्सियस है। 

जबकि न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आ रही है। बारिश की संभावना से धान खरीदी भी प्रभावित हो रही है। 
मौसम बदलते ही सोसायटियों में रखे धान को प्लास्टिक कवर से ढंका जा रहा है। हालांकि कई सोसायटियों में अब भी करोड़ों रुपए के धान खुले आसमान में है। ऐसी स्थिति में धान के भीगने का खतरा बढ़ गया है। आज दिनभर बादल छाए रहने से   तापमान में कमी रही। वहीं लोगों की दिनचर्या पर बेमौसम बूंदाबांदी से प्रतिकूल असर नजर आया। लोगों का कामकाज भी खराब मौसम से प्रभावित हुआ।
 


अन्य पोस्ट