राजनांदगांव

मायके जाने विवाहित महिलाओं में उत्साह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 सितंबर। हरितालिका पर्व के लिए मायके जाने निकली विवाहित महिलाओं में जबर्दस्त उत्साह नजर आ रहा है। तिजहारिनों से यात्री बसें ठसाठस भरी हुई है। खासतौर पर नवविवाहिताओं में पर्व को लेकर उत्साह दोगुना दिख रहा है। ससुराल से मायके जाने का सिलसिला आज सुबह से शुरू हुआ। स्थानीय बस स्टैंड में तिजहारिन अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बस का इंतजार करती नजर आई।
कई महिलाएं दूधमुंहे बच्चे को लेकर मायके के लिए निकली। पोला पर्व के दिन से ही मायके जाने के लिए नवविवाहिताएं रवाना हुई। मायके में पहुंची महिलाएं परिवार के संग अगले एक-दो दिन त्यौहार की खुशी के साथ समय व्यतीत करेंगी। ससुराली महिलाओं को मायके आने का न्यौता देने के लिए माता-पिता से लेकर भाई-बंधु पहुंचे। कई महिलाओं को कई भाई अपने साथ दो पहिया वाहन में मायके ले गए। वहीं परंपरागत रूप से बसों में सफर करने वाली महिलाओं को परिजनों ने किराया भी सौंपा।
इधर तीज पर्व को लेकर महिलाएं पूरी तैयारी में व्यस्त हैं। घरों में शिव-पार्वती की गाथाओं के साथ धार्मिक गीत-संगीत का कार्यक्रम भी होगा। सामुहिक रूप से घरों में पूजा-अर्चना होगी। तीज पर्व पर ठेठरी-खुरमी समेत स्वादिष्ट व्यंजन भी तैयार किया जा रहा है। महिलाओं के लिए यह पर्व काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। पति की दीर्घायु व स्वस्थ रहने की मंगल कामना लेकर महिलाएं उपवास रखेंगी। कई महिलाएं निर्जला व्रत भी रखती हैं। व्रत रखने वालों में युवतियों से लेकर उम्रदराज महिलाएं शामिल होती है।
करेले की बढ़ी मांग
मान्यताएं हैं कि तीज पर्व पर उपवास रखने वाली महिलाएं व्रत से पूर्व करेलायुक्त भोजन (कडुभात) का सेवन कर व्रत का शुभारंभ करती है। इस लिहाज से आज करेले की मांग अधिक होने से करेला के दाम 100 रुपए किलो तक पहुंच गए हैं। व्रती कडुभात का सेवन करने के पश्चात कठिन निर्जला व्रत धारण करेंगी। इस दौरान भजन-कीर्तन और श्रद्धाभक्ति का माहौल बना रहेगा। पर्व को लेकर मायके पक्ष में महिलाएं व्यापक तैयारियां शुरू दी है।
पूजन सामग्रियों की सजी दुकानें
तीर्ज पर्व पर पूजन सामग्रियों की मांग बढऩे के साथ ही बाजार इलाके में दुकानें सजकर तैयार हो चुकी है। वहीं इसकी खरीदी भी शुरू हो गई। तीजा पर्व के लिए बाजार में इन दिनों सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक चहल-पहल है। लोग पर्व संबंधी सामग्रियों की खरीदी कर रहे हैं। पर्व के लिए पूजा सामग्रियों में फूलेरा की डिमांड अधिक रहती है। जिससे इसके दाम बाजार में 200 से 500 रुपए तक है।
तीज पर्व पर ट्रेनें कैंसिल
त्यौहारी सीजन में रेल्वे ने स्थानीय स्टेशन से गुजरने वाली करीब आधा दर्जन ट्रेनों को रद्द कर दिया है। जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। चेन्नई रूट पर बारिश और बाढ़ के कारण चेन्नई और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों को मुम्बई हावड़ा रूट पर नागपुर और रायपुर से डायवर्ट किया गया। इसी रूट की 2 ट्रेनों को कैंसिल किया गया। मिली जानकारी के अनुसार कोरबा-केच्चुवेली एक्सप्रेस 4 सितंबर को कैंसिल रही। वहीं आज 5 सितंबर को बिलासपुर-पुणे एक्सप्रेस रद्द रही। सितंबर और अक्टूबर माह की अलग-अलग तारीखों में एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है। ट्रेनों के कैंसिल करने, उनका रूट बदलने और नियंत्रित कर चलाने से आगामी त्यौहारों में यात्रियों को परेशानी हो सकती है।