राजनांदगांव

भूपेश सरकार से रमन ने मांगा इस्तीफा
12-May-2023 2:10 PM
भूपेश सरकार से रमन ने मांगा इस्तीफा

शराब घोटाले में घिरी भूपेश सरकार के खिलाफ  भाजपा का धरना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 मई।
भाजपा द्वारा महावीर चौक में राज्य सरकार के 2000 करोड़ के शराब घोटाले के विरोध में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के शराब में राजस्व वृद्धि के दावे को झूठा और बेईमानी भरा बताते पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि शराब की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हुई है, लगभग आंकड़ों की बात करें तो शराब की कीमतों में 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जबकि भूपेश बघेल का दावा है कि राजस्व में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है तो शेष 30 प्रतिशत की वृद्धि कहां गई। यह यक्ष प्रश्न सबके दिमाग में घूम रहा है। 
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सरकार बनाने के पूर्व उन्होंने अपने घोषणा पत्र में कहा था कि एक हफ्ते में शराबबंदी की जाएगी आज सरकार घर-घर शराब पहुंचाने का काम कर रही है, कोचियो के माध्यम से पूरे प्रदेश में अवैध शराब की बिक्री जोरों पर है।

डॉ. रमन सिंह ने 2000 करोड़ के शराब घोटाले के परिप्रेक्ष्य में  राज्य सरकार से इस्तीफे की मांग करते कहा कि जिन वायदों को करके कांग्रेस सत्ता में आई वह सारे वायदे रद्दी की टोकरी में पड़े हैं। दो हजार करोड़ का शराब घोटाला, 5000 करोड़ का चावल घोटाला, गोबर घोटाला, गौठान घोटाला, राजस्व घोटाला, रेत घोटाला आदि कुल मिलाकर यह सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। 

डॉ. रमन सिंह ने आह भरते कहा कि बड़े दुख की बात है कि प्रदेश के विकास कार्य ठप पड़े हैं, केंद्र की योजनाओं का बुरा हाल है। गरीबों को आवास नसीब नहीं हो रहा है। डॉ.  सिंह ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि आम लोग इस सरकार को उखाड़ फेंकने हेतु आगे आएं। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरे प्रदेश में सरकार के खिलाफ  सडक़ की लड़ाई प्रारंभ कर चुकी है।

नेताओं ने मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री को घेरा
डॉ. रमन सिंह के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के पूर्व प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता एवं पूर्व संगठन प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और आबकारी मंत्री कवासी लखमा की जमकर खिंचाई करते कहा कि कांग्रेस के नेता छत्तीसगढ़ की जनता का पैसा लूटकर अपने जेब भर रहे हैं। वहीं राज्य में चांवल घोटाला, कोयला घोटाला, शराब घोटाला कर हजारों-करोड़ों रुपए बाहरी प्रदेश में चुनाव लडऩे के लिए लगा रहे हैं। भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ी महतारी की बात करते हैं, लेकिन इन्होंने छत्तीसगढ़ को हमेशा लूटने का काम किया है। सरकार और सरकार में बैठे नेता हर मोर्चे पर विफल है। जनता जवाब देने के लिए वक्त का इंतजार कर रही है।

मीडिया सेल के अनुसार धरना में भाजपा नेताओं ने भरी गर्मी में तपते हुए कांग्रेस सरकार पर प्रहार करते वरिष्ठ भाजपा नेता लीलाराम भोजवानी, खूबचंद पारख,  सुरेश डूलानी, नीलू शर्मा,  रामजी भारती, राजेन्द्र गोलछा, भरत वर्मा,  शिव वर्मा, तरूण लहरवानी, मोनू बहादुर, किशुन यदु, पुष्पा गायकवाड,  मधु बैद, किरण साहू,  रेखा मेश्राम ने संबोधित करते कहा कि आज प्रदेश की कानून व्यवस्था हांसिए पर है और भूपेश सरकार भ्रष्टाचार के काले कारनामों में लिप्त है। इतने बड़े घोटाले के बाद मुख्यमंत्री बघेल को सत्ता में बने रहने का अधिकार नहीं है। बघेल को नैतिकता के आधार पर तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।  उन्होंने कहा कि डीएमएफ  घोटाले में बंदरबांट को तो खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने विधानसभा में खुलासा किया था, इसके बावजूद भूपेश सरकार आज तक निर्दयता के साथ टिकी हुई है। धरने का संचालन  जिला महामंत्री रविंद्र वैष्णव एवं आभार प्रदर्शन जिला पंचायत सदस्य राजेश श्यामकर ने किया।


अन्य पोस्ट