राजनांदगांव

‘हरा सोना’ पर भारी खराब मौसम
03-May-2023 12:42 PM
‘हरा सोना’ पर भारी खराब मौसम

10 मई से खैरागढ़ वन मंडल में 27 हजार श्रमिकों के हाथ होगी तोड़ाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 मई।
खराब मौसम हरा सोना तेन्दूपत्ता पर भारी पड़ता दिख रहा है। लगातार हो रही बारिश से पत्ते की गुणवत्ता पर विपरीत असर पडऩा तय है। अप्रैल के महीने में तेन्दूत्ता के तोड़ाई से पूर्व वन महकमे ने जमीनी स्तर पर अपनी तैयारी की थी।  अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से शुरू हुई बारिश से पत्तों के खराब होने का खतरा बढ़ गया है।

वन अफसर भी मान रहे हैं कि बेमौसम बारिश ने पत्तों की क्वालिटी को सर्वाधिक नुकसान पहुंचाया है। बारिश के कारण पत्तों में कीट-मकोडों का प्रकोप भी अंदेशा बढ़ गया है। खैरागढ़ वन मंडल में हरा सोना की तोड़ाई की तैयारी शुरू हो गई है। वन मंडल के अधीन 20 समितियां तोड़ाई का जिम्मा सम्हालेंगी। इस साल खैरागढ़ वन मंडल को 42 हजार 600 मानक बोरा का लक्ष्य दिया गया है। वहीं 24 लाट में निजी ठेकेदारों को तोड़ाई की जवाबदारी दी गई है।

अप्रैल के महीने में वन अमले ने प्रतिबंधित क्षेत्रों को छोडक़र अन्य क्षेत्र में तोड़ाई से पूर्व बूटा कटाई को पूरा कर लिया है। बूटा कटाई पत्ते की तोड़ाई से पहले की एक प्रारंभिक प्रक्रिया है।  इससे पौधों को नुकसान नहीं होता। इस संबंध में खैरागढ़ डीएफओ श्रीमती पुष्पलता ने ‘छत्तीसगढ़’  को बताया कि 10 मई से तोड़ाई शुरू होगी। जमीनी स्तर पर तोड़ाई के लिए व्यापक तैयारी की गई है। फड़ मुंशियों को तोड़ाई संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया है। बताया जा रहा है कि खैरागढ़ वन मंडल में 27 हजार श्रमिकों को तोड़ाई के कार्य के लिए नियुक्त किया गया है। खराब मौसम के चलते पत्तों की गुणवत्ता से तोड़ाई प्रभावित हो सकती है। इधर राजनंादगांव वन मंडल में  84 हजार मानक बोरा का लक्ष्य रखा गया है। 50 से ज्यादा समितियां तोड़ाई करेगी।

 


अन्य पोस्ट