राजनांदगांव

कार्रवाई का अल्टीमेटम खत्म होने के बाद भाजपा पार्षदों का अनिश्चितकालीन हड़ताल
03-Nov-2022 1:35 PM
कार्रवाई का अल्टीमेटम खत्म होने के बाद भाजपा पार्षदों का अनिश्चितकालीन हड़ताल

  बूढ़ासागर सौंदर्यीकरण में भ्रष्टाचार के आरोप में घिरे अफसरों पर अब तक कार्रवाई नहीं 
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 नवंबर।
शहर के बूढ़ासागर में हुए सौंदर्यीकरण में कथित घोटालों के आरोपी अफसरों पर कार्रवाई नहीं होने के विरोध में गुरुवार से भाजपा पार्षद दल ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। भाजपा पार्षदों का आरोप है कि सामान्य सभा की बैठक में अफसरों पर कार्रवाई करने के निर्णय को अब तक अमल में नहीं लाया गया। यह दुर्भाग्य है कि सदन में लिए गए फैसलों पर आयुक्त ने कार्रवाई नहीं की है। लगभग डेढ़ माह पूर्व 17 बिन्दुओं को लेकर नगर निगम ने सामान्य सभा की बैठक बुलाई गई थी।  

आधी रात को सदन में लगभग 5 अफसरों के खिलाफ  एफआईआर दर्ज करने और उनके निलंबन का निर्णय सर्वसम्मति से पारित किया गया था, लेकिन अब तक किसी भी अधिकारी के विरूद्ध कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी बात से नाराज होकर नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों ने अनिश्चितकालीन हड़ृताल शुरू कर दी है। आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर  अल्टीमेटम भी दिया था,लेकिन अब तक उन्होंने कोई कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि निगम प्रशासन के ढ़ीले रवैये से सदन में लिए गए फैसले को भी मूर्तरूप नहीं दिया गया है। यही बात भाजपा पार्षदों को नाराज कर रही है। लगभग बूढ़ासागर सौंदर्यीकरण के लिए 16 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति मिली थी। इसके अंतर्गत फौव्वारों का निर्माण, दिग्विजय कॉलेज के पीछे चित्रकुट जैसा जलप्रपात, नौका विहार, पाथवे, सोलर लाईट, हाईमास्ट लाईट, योगा कक्ष समेत अन्य निर्माण कार्य इस राशि से कराए जाने थे।

 कार्य का ठेका कोरबा की कंपनी डीएवी कंट्रक्शन को दिया गया। कंपनी द्वारा अधिकारियों के शह पर निर्माण कार्य में भर्राशाही की गई। निर्माण कार्य के एवज में भुगतान भी किया गया, लेकिन निर्माण कार्यों का नामोनिशान नहीं है। इसी बात को लेकर सदन में तत्कालिन कार्यपालन अभियंता दीपक जोशी, उप अभियंता दीपक माहला, सहायक अभियंता कामना यादव और दो अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई थी। सदन में इस मामले को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच काफी गहमा-गहमी हुई थी। इधर आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर भाजपा पार्षदों ने आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
नेता प्रतिपक्ष का कहना है कि सत्तारूढ़ दल के शह पर आयुक्त मनमानी कर रहे हैं। सदन में लिए गए निर्णय को भी आयुक्त ने कचरे के ढ़ेर में फेंक दिया है। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने 'छत्तीसगढ़’ से कहा कि अनिश्चितकालीन हड़ताल की उन्हें जानकारी नहीं है। इधर नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने आयुक्त पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
 


अन्य पोस्ट