राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 अगस्त। कलेक्टर डोमन सिंह गत दिवस छुरिया विकासखंड के ग्राम कल्लूबंजारी गौठान का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने ग्राम कल्लूबंजारी के गौठान में समूह की महिलाओं से रूबरू हुए और उन्हें अच्छा कार्य करने प्रेरित किया। उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट निर्माण का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कहा कि गौठान सक्रिय रहना चाहिए और नियमित रूप से गोबर की खरीदी होते रहना चाहिए। उन्होंने महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोडऩे कहा। उन्होंने मुर्गीपालन, बटेरपालन, बकरीपालन, मत्स्य पालन करने एवं सामुदायिक बाड़ी विकसित करने कहा।
कलेक्टर ने कहा कि आजीविका संवर्धन के लिए गौठान योजना संचालित किया जा रहा है। जिससे ग्रामीणों को स्थापित रोजगार निर्मित करने में मदद मिल रही है। उन्होंने समूह को गोबर खरीदी से लेकर आजीविका मिशन के तहत बहुआयामी गतिविधियों का संचालन करने के सुझाव दिए। कलेक्टर ने कहा कि यह ऐसी योजना है। जिसके माध्यम से हम अपने गांव और घर में ही रहकर कई प्रकार की योजना का लाभ ले सकते हैं। इसके जरिए रोजगार के साथ-साथ आमदनी का अच्छा स्रोत निर्मित कर सकते हैं। इस मौके पर एसडीएम डोंगरगांव सुनील नायक, जनपद सीईओ प्रतीक प्रधान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण
कलेक्टर ने छुरिया में संचालित धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया।
उन्होंने दुकान संचालक को क्षेत्र की मांग के अनुसार आवश्यक दवाई की उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा। कलेक्टर ने कहा कि धन्वंतरी मेडिकल स्टोर के माध्यम से लोगों को सस्ती और जरूरी दवाई उपलब्ध कराना शासन की मंशा है। इस दौरान उन्होंने सभी चिकित्सक को जेनेरिक दवाई लिखने निर्देशित किया, ताकि आमजन सस्ती दवाई आसानी से खरीद सके।
कलेक्टर ने छुरिया विकासखंड के दौरे के दौरान स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाई जा रही तिरंगा झंडा का अवलोकन किया। इस दौरान एसडीएम डोंगरगांव सुनील नायक, जनपद सीईओ प्रतीक प्रधान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।