राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जून। विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास रेणु प्रकाश द्वारा शासकीय बालक संप्रेक्षण गृह राजनांदगांव में पौधरोपण किया गया। जिसमें गृह के कर्मचारियों तथा गृह में रह रहे विधि के साथ संघर्षरत बालकों ने भी अपनी सहभागिता निभाई। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी रेणु प्रकाश ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। यदि हम पर्यावरण की सुरक्षा नहीं करेंगे तो मानव जीवन दूभर हो जाएगा। पेड़ों को लगाने से हमें शुद्ध प्राकृतिक हवा मिलती हृै, इसके अलावा वर्षा भी अच्छी होती है। पर्यावरण सुरक्षा में पेड़ों का महत्वपूर्ण योगदान है। पेड़ों को काटे नहीं अपतिु पेड़ लगाने व पूर्व से लगाए गए पेड़ों की निरंतर देखभाल करने हेतु बालकों एवं कर्मचारियों को प्रेरित किया गया।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी चंद्रकिशोर लाड़े ने बताया कि पर्यावरण सुरक्षा के लिए अपशिष्ट पदार्थो, कूड़ा-कचरे को नहीं जलाते हुए, उससे कम्पोस्ट खाद तैयार कर उसे पेड़ों में डालकर अधिक उत्पादन की सलाह देते पर्यावरण की सुरक्षा करने को कहा गया। इस दौरान शासकीय बालक संप्रेक्षण गृह के परिवीक्षा अधिकारी सरजू कोहली, परामर्शदाता नंदकुमार साहू, मनोज उके एवं गृह के समस्त कर्मचारी तथा गृह में रह रहे बालकों ने पौधरोपण किया।