रायगढ़

बंगाली कालोनी में काली पूजा
02-Nov-2024 9:20 PM
बंगाली कालोनी में काली पूजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 2 नवंबर। शहर के सुभाष नगर बंगाली कालोनी में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दीपावली की रात से विधि विधान से काली पूजा का आयोजन किया जा रहा है। रोजाना यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 

सुभाष नगर बंगालीपारा क्षेत्र में दीपावली की रात से मां काली के प्रतिमा की स्थापना की गई है। यहां गुरूवार की रात बारह बजे पूरे विधि विधान के साथ पूजा-अर्चना शुरू की गई, जो रात भर चला। सुबह व शाम को श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और बंगाली रितिरिवाज के साथ पूजा करते हैं। लगातार तीन से चार दिनों तक यह क्षेत्र का माहौल मां काली की उपासना से गूंजता रहता है और अंतिम दिन विसर्जन किया जाता है। बंगाली पारा के ही नहीं बल्कि अन्य जगह से भी श्रद्धालु यहां पहुंचकर मत्था टेकते हैं और माता के सामने मनोकामनाएं मांगते हैं। 

मां काली की प्रतिमा की स्थापना के साथ ही फूलमाला, सिंदुर, दीप से यहां माता की पूजा-अर्चना होती है। आसपास के बच्चे भी दिनभर यहां पंडाल पर ही रहते हैं। मां काली की पूजा के लिए पिछले पखवाड़े भर से इनकी तैयारियां चल रही थी। ऐसे में रात के समय पंडाल और क्षेत्र की सजावट देखने लायक रहती है। काफी आकर्षक ढंग से झालरों व अन्य सजावटी सामानों से पंडाल को सजाया गया है। यही नहीं रात में प्रसाद वितरण के लिए सुबह से तैयारियां शुरू हो जाती है। क्षेत्र के ही युवक और बच्चे प्रसाद बनाने में सहयोग करते हैं। चुंकि यहां बंगाली परिवारों की संख्या अधिक है, तो बड़े ही धूमधाम और पूरी अस्था के साथ यहां मां काली की उपासना की जाती है।

 


अन्य पोस्ट