रायगढ़
रायगढ़, 9 फरवरी। लैलूंगा पुलिस ने तीन पशु तस्करों को रंगेहाथ पकड़ लिया है। आरोपियों के कब्जे से 8 गौवंश को सुरक्षित मुक्त कराया गया है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये है।
कल लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन व्यक्ति कुंजारा क्षेत्र से गौवंशों को पैदल, मारते-पीटते और बिना चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक हांकते हुए ओडिशा की ओर ले जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हमराह स्टाफ के साथ लैलूंगा अटल चौक के पास घेराबंदी की। कुछ ही देर में पुलिस टीम ने मुख्य मार्ग पर तीन व्यक्तियों को 08 नग गौवंशों को बेरहमी से ले जाते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मायाराम नागवंशी, सोहन यादव तथा विद्याधर नागवंशी, सभी निवासी थाना बागबहार जिला जशपुर बताया।
पुलिस द्वारा गौवंश तस्करी से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया, लेकिन आरोपी कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने गवाहों के समक्ष आरोपियों के कब्जे से 08 नग गौवंश जब्त किए।
थाना प्रभारी गिरधारी साव द्वारा गौवंशों के लिए तत्काल पानी और चारे की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित रूप से सलखिया गौशाला में रखने की व्यवस्था की गई।
आरोपियों के कृत्य पर थाना लैलूंगा में छत्तीसगढ़ कृषक पशु संरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं 11 के तहत कार्रवाई की गई। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जेल भेज दिया गया है।


