रायगढ़

ट्रेलर किराए पर लेकर डाला को बेचा, 2 गिरफ्तार
10-Feb-2026 7:12 PM
ट्रेलर किराए पर लेकर डाला को बेचा, 2 गिरफ्तार

जीपीएस लोकेशन से खुलासा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 10 फरवरी। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें होटल संचालिका की ट्रेलर गाड़ी को किराए पर लेकर आरोपियों ने उसके डाला को बेच दिया और इंजन को भी बेचने की फिराक में थे । एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एडिशनल एसपी  अनिल सोनी के मार्गदर्शन पर थाना घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी परमेश्वर चौहान निवासी ग्राम बैसकीमुड़ा, थाना लैलूंगा और उसके साथी लीलाम्बर प्रसाद चौहान निवासी ग्राम खेडआमा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया ग्राम कंचनपुर निवासी 48 वर्षीय मीना चौहान पति साधुराम चौहान ने 7 फरवरी को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह घरघोड़ा धरमजयगढ़ मार्ग के पास अपने बेटों के साथ होटल संचालित करती हैं। उन्होंने दो वर्ष पूर्व रायगढ़ निवासी अकबर खान से 16 लाख रुपये में पुराना ट्रेलर वाहन खरीदा था, जिसे टाटा फाइनेंस कंपनी से फायनेंस कराया गया था। बीमा और अन्य दस्तावेज समय पर न बन पाने के कारण वाहन होटल के सामने खड़ा था।

इसी दौरान परमेश्वर चौहान, जो घरघोड़ा क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कंपनियों में सुपरवाइजरी का कार्य करता था, वाहन के संबंध में पूछताछ करने लगा। प्रार्थिया द्वारा दस्तावेज लंबित होने की जानकारी देने पर उसने स्वयं के खर्च पर कागजात बनवाने और प्रति माह 85 हजार रुपये किराया देने का प्रस्ताव रखा। उसके झांसे में आकर महिला ने सहमति दे दी। 20 जनवरी को परमेश्वर चौहान अपने साथी लीलाम्बर प्रसाद चौहान के साथ होटल पहुंचा और लीलाम्बर ट्रेलर को चलाकर ले गया, यह कहते हुए कि कुछ दिन चलाकर देखने के बाद लिखापढ़ी करेगा।

कुछ दिनों बाद परमेश्वर ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और संपर्क से बाहर हो गया। संदेह होने पर ट्रेलर में लगे जीपीएस के माध्यम से लोकेशन ट्रैक की गई, जिससे वाहन का स्थान कुंजारा, लैलूंगा क्षेत्र में मिला। 5 फरवरी को महिला अपने पुत्रों के साथ मौके पर पहुंची तो पाया कि ट्रेलर का केवल इंजन खड़ा है, शेष हिस्सा गायब है। रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में धारा 318(4), 316(2), 316(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

 

थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने प्रार्थिया और गवाहों से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश में दबिश दी और दोनों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में लीलाम्बर चौहान ने स्वीकार किया कि उसने परमेश्वर के साथ मिलकर लगभग 22 जनवरी को ट्रेलर का डाला बिलासपुर में बेच दिया था तथा इंजन को भी बेचने की तैयारी में कुंजारा के पास खड़ा कर ग्राहक तलाश रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रेलर वाहन का इंजन जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी परमेश्वर चौहान पिता पुनीराम चौहान उम्र 45 वर्ष सा. ग्राम बैस्कीमुडा, थाना लैलुंगा लिलाम्बर प्रसाद चौहान पिता मसतराम चौहान उम्र 36 वर्ष  सा. ग्राम खेडआमा, थाना लैलुंगा, जिला रायगढ़ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया।


अन्य पोस्ट