रायगढ़

32 मवेशियों को तस्कर के चंगुल से कराया मुक्त
11-Feb-2026 8:15 PM
32 मवेशियों को तस्कर के चंगुल से कराया मुक्त

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायगढ़ 11 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में गौवंश की तस्करी पर पूर्णत: अंकुश लगाने और मवेशी तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने  ऑपरेशन शंखनाद रायगढ़ जिले में जारी रहेगा। 

सभी थाना क्षेत्रों में मवेशी तस्करों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, इसी क्रम में लैलूंगा पुलिस ने पिछले तीन दिनों के भीतर सजग रहकर दूसरी त्वरित कार्रवाई की। 10 फरवरी को लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने अपने स्टाफ के साथ ग्राम करवारजोर में घेराबंदी कर एक मवेशी तस्कर को गिरफ्तार किया है।

मवेशी तस्कर ग्राम करवारजोर निवासी रब्बुल खान की गतिविधियों पर  पुलिस मुखबिर लगाकर निगाह रखे हुए थी। 10 फरवरी को सूचना प्राप्त हुई कि  रब्बुल खान मवेशियों को क्ररता पूर्वक मारते-पीटते, भूखे-प्यासे दौड़ाते हुए ओडिशा की ओर ले जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव ने तत्काल हमराह स्टाफ के साथ मौके पर दबिश दी और आरोपी रब्बुल खान  को पकड़ा।

आरोपी के कब्जे से 32 नग गौवंश, जिनकी अनुमानित कीमत 2,56,000 रुपये है, बरामद कर मुक्त कराया गया। पूछताछ में आरोपी ने मवेशियों को बुचड़खाने की ओर ले जाना स्वीकार किया। मुक्त कराए गए मवेशियों का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया गया तथा उन्हें सुरक्षित रूप से सलखिया गौशाला में रखने की व्यवस्था की गई। आरोपी के विरुद्ध थाना लैलूंगा में अपराध धारा 4, 6, 10, 11 छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। 


अन्य पोस्ट