रायगढ़

अस्पताल में सफाईकर्मी नहीं, पोस्टमार्टम के लिए परिजन कई घंटे होते रहे परेशान
11-Feb-2026 8:13 PM
अस्पताल में सफाईकर्मी नहीं, पोस्टमार्टम के लिए परिजन कई घंटे होते रहे परेशान

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायगढ़, 11 फरवरी। जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंगलवार की सुबह स्वीपर की अनुपलब्धता के कारण शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जिससे मृतक के परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

इस मामले में मेडिकल कॉलेज के डीन संतोष कुमार ने बताया कि उन्हें पोस्टमार्टम न होने की जानकारी मिली थी। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा पंचनामा समय पर नहीं किया गया था, इसलिए देरी हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके डॉक्टर्स और स्वीपर अस्पताल परिसर में ही मौजूद थे। फिलहाल, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, खरसिया क्षेत्र के ग्राम तेलीकोट निवासी गनेश्वर यादव ने बताया कि उनके परिवार के शंकर यादव (35) ने तीन फरवरी को अज्ञात कारणों से जहर का सेवन कर लिया था। उन्हें रायगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पीलिया और निमोनिया के चलते इलाज के दौरान बीती रात उनकी मौत हो गई। सुबह उनके शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया था।

परिजनों ने बताया कि मर्ग पंचनामा की कार्रवाई होने के बावजूद कई घंटे बीत जाने के बाद भी पोस्टमार्टम नहीं हो पाने के कारण उन्हें और अन्य लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने बताया कि बीती रात से ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कुल 4 शव पड़े थे। अस्पताल में मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर बताया गया कि एक स्वीपर छुट्टी पर है और दूसरे का आज ही एक्सीडेंट हो गया है, जिस कारण पोस्टमार्टम संभव नहीं हो पा रहा है।


अन्य पोस्ट