रायगढ़

मारपीट के वायरल वीडियो पर सख्त एक्शन
10-Feb-2026 7:11 PM
मारपीट के वायरल वीडियो पर सख्त एक्शन

चार नाबालिग सहित 6 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 10 फरवरी। कल सोशल मीडिया पर लक्ष्मीपुर स्थित ओला शोरूम के पास दो गुटों के बीच हुई मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। घटना में शामिल 6 आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें 4 विधि से संघर्षरत बालक और दो युवक शामिल हैं।

प्रकरण में दीनदयाल कॉलोनी निवासी एक स्कूली छात्र ने 6 फरवरी को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 6 फरवरी की शाम वह अपने दोस्तों के साथ स्कूटी से घड़ी चौक से घर लौट रहा था। लक्ष्मीपुर स्थित ओला शोरूम के सामने पहले से खड़े अभय सिंह ठाकुर, कपिश मित्तल एवं उनके साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसका रास्ता रोका और एक राय होकर हाथ-मुक्का, पंच, डंडा एवं अन्य हथियार से मारपीट की। घटना का वीडियो लोगों ने बनाया  जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घायल छात्र को राहगीरों द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 115(2), 126(2), 296, 351(3),3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल एवं टीम द्वारा आरोपियों की पहचान कर उन्हें थाने लाया गया। जांच के दौरान प्रकरण में बलवा की धाराएं भी जोड़े जाने की कार्रवाई की जा रही है। विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्यायालय तथा अन्य आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर रिमांड पर भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है।


अन्य पोस्ट