रायगढ़
ग्रामीणों ने एसपी ऑफिस पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 11 फरवरी। जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर नेशनल हाईवे से लगे खरसिया विधानसभा के ग्राम गेजामुड़ा में अडानी पावर के प्रस्तावित रेल लाइन परियोजना के लिए किये जा रहे जमीन अधिग्रहण को लेकर ग्रामवासी लामबंद हो गये हैं और सडक़ पर उतर आये हैं। ग्रामीणों ने अधिग्रहण प्रक्रिया और अडानी पावर के खिलाफ की गई शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
पुसौर के छोटे भंडार स्थित अडानी पावर लिमिटेड के लिए रेल लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत जिला मुख्यालय से तकरीबन 10 किलोमीटर दूर नेशनल हाईवे से लगे गेजामुड़ा में जमीन चिन्हांकित किया गया है और रेल लाइन परियोजना और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। जबकि ग्रामीणों और प्रभावित किसानों का आरोप है कि अधिग्रहण की यह प्रक्रिया नियमों के अनुरूप नहीं की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जिन किसानों की जमीन अधिग्रहित की जा रही है, उन्हें अब तक मुआवजा नहीं मिल पाया है।
उनका आरोप है कि न तो किसानों से लिखित सहमति ली गई और न ही ग्राम सभा से किसी प्रकार का अनुमोदन कराया गया, जबकि नियमानुसार इन प्रक्रियाओं का पालन अनिवार्य है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने कोतरा रोड थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज करायी है मगर अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं किया गया है। इसको लेकर ग्रामीण महिला-पुरूष एसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा है।


