रायगढ़
मंगल कार्बन हादसे ने छीन ली परिवार की खुशियां
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 13 फरवरी। रायगढ़ जिले के रजघटा गांव के एक घर के आंगन में जहां पहले बच्चों की किलकारी गूंजती थी, गांव में सन्नाटा और रोने की आवाजे गूंज रही है। घर की महिलाएं और बच्चे बदहवास है, जिन्हें रिश्तेदारों के अलावा गांव की महिलाएं सम्हाल रही हैं। पिछले दिनों मंगल कार्बन प्लांट में हुए हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों मौत ने इस परिवार की खुशियां छीन ली है।
रायगढ़ जिला मुख्यालय से तकरीबन 30 किलोमीटर दूर स्थित बानीपाथर गांव में स्थित मंगल कार्बन प्लांट में काम करते समय 5 फरवरी की सुबह साढ़े 9 बजे अचानक ब्लास्ट हो जाने की घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों के अलावा तीन अन्य को राजधानी रायपुर के कालड़ा बर्न प्लास्टिक सर्जरी सेंटर में भर्ती कराया गया था जहां पहले 9 फरवरी को 9 माह के मासूम बच्ची भूमि खडिय़ा की मौत हो गई, वहीं कल सुबह बच्ची के पिता शिव खडिय़ा 27 साल, उसके दादा साहेब खडिय़ा 45 साल के अलावा एक अन्य युवक इंदीवर 19 साल, की भी मौत हो गई।
पूरे गांव में पसरा मातम
मंगल कार्बन प्लांट हादसे में एक ही परिवार के मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो जाने के बाद से पूरे गांव में जहां सन्नाटा पसर गया है, वहीं मृतक के घर के आंगन में दो शवों के सामने बैठकर पूरा परिवार रोते बिलखता नजर आ रहा था, जिन्हें परिजनों के अलावा गांव की महिलाएं सम्हाल रही थी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
गांव के ग्रामीणों ने बताया कि शिव खडिय़ा और उसके पिता साहेब खडिय़ा रोजी मजदूरी करके परिवार चलाते आ रहे थे, साथ ही उदाशिनी भी उनके साथ काम में जाती थी, जिसका अभी भी रायपुर में इलाज जारी है। ऐसे में खडिय़ा परिवार पर अब दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वाहनों की लगी लंबी कतार
इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आज सुबह तकरीबन 10 बजे बानीपाथर गांव के पास एनएच 49 में परिजनों का 50-50 लाख रूपये मुआवजा देने की मांग को लेकर चक्काजाम शुरू कर दिया। जिससे सडक़ के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। इस घटना की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल के अलावा प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
तीन बच्चों का खर्चा उठाने का मिला आश्वासन
जिला प्रशासन की तरफ से मृतक शिव खडिय़ा के बेटे अमन खडिय़ा 5 साल, बेटी दृष्टि खडिय़ा 2 साल के अलावा शिव खडिय़ा की बहन आरती खडिय़ा 16 साल, की पढ़ाई का पूरा खर्च और तीनों की शादी कराने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही तात्कालिक सहायता के रुप में 70 हजार रुपए दिया गया है।
परिजनों को 12-12 लाख देने की बात
मंगल कार्बन प्लांट हादसे में मासूम बच्ची भूमि खडिय़ा, शिव खडिय़ा, साहेब खडिय़ा के अलावा इंदीवर की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया था। इस मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस एवं जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जहां मृतक के परिजनों का 12-12 लाख देने का आश्वासन दिया गया। तब जाकर ग्रामीणों ने तीन घंटे बाद आंदोलन समाप्त किया।
इस मामले में खरसिया एसडीएम प्रवीण तिवारी ने बताया कि औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की तरफ से निर्धारित मुआवजा दिया जा रहा है। साथ ही मासूम बच्ची के नाम से पांच लाख रूपये का चेक दिया जा रहा है। साथ ही बच्चों के आजीवन शिक्षा का खर्च संस्था द्वारा उठाया जाएगा। इस मामले में आगे कार्रवाई की जाएगी।
अभी भी तीन का इलाज जारी
मंगल कार्बन प्लांट में हादसे में जहां एक मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई है वहीं अभी भी मासूम बच्ची की मां उदाशिनी खडिय़ा 25 साल, कौशल 25 साल, के अलावा प्रिया 32 साल का राजधानी रायपुर के कालड़ा बर्न प्लास्टि सर्जरी सेंटर में इलाज जारी है।


