रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 2 नवंबर। शहर के जूटमिल थाना क्षेत्र में स्ट्रीट लाईट बंद होने जाने के बाद एक शराबी युवक के द्वारा लाइनमेन की पिटाई करते हुए दांत से उसे काट लेने का मामला सामने आया है। लाइनमेन की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक जूटमिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कयाघाट रूसी चौक का रहने वाला गौरांग दत्ता 58 साल बिजली विभाग जोन 2 में लाईनमेन का काम करता है। दीपावली की रात करीब 10 बजे वह अपने घर पहुंचा, तो देखा कि स्ट्रीट लाईट बंद है। जिसका कारण देखने के लिए वह रूसी चौक तक पहुंचा। तभी मोहल्ले का रविदास महंत शराब के नशे में उसके पास आया और लाईट बंद क्यों है कहकर विवाद करने लगा।
इससे गौरांग ने उसे बताया कि शार्टसर्किट की वजह से लाईट नहीं है। तब रविदास बिजली लाईन चालू करने की बात कहते हुए उसके साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। जिसे मना करने पर उसने अपने पास रखे खाना बनाने वाला स्टील का झारा से उसके माथे पर जमकर वार कर दिया। जिससे बीच बचाव करने पर रविदास ने शराब के नशे में उसके गले के उपर दांतो से काट लिया। जिसको गौरांग किसी तरह छुड़ाने लगा तो दाएं हाथ व पेट के पास भी उसने दोबारा दांतो से जमकर काट दिया। ऐसे में किसी तरह उससे वह खुद को छोड़ाया। तब रविदास घटना को अंजाम देकर वहां से भाग गया। इसके बाद गौरांग ने मामले की जानकारी मोहल्लेवासियों को देते हुए रविदास के परिजनों को घटना के बारे में बताकर वापस लौट गया।
बाद में जब रविदास घर पहुंचा तो उसे मारपीट के बारे में जब उसकी मां व बहन ने उससे पूछा तो वह उनके साथ भी मारपीट करने लगा। किसी तरह मामला शांत होने के बाद गौंराग ने मामले की सूचना बिजली विभाग में देते हुए जूटमिल थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया। जहां पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जूट गई है।


