रायगढ़

एटीएम मशीन चोरी करने का प्रयास
02-Nov-2024 3:58 PM
एटीएम मशीन चोरी करने का प्रयास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 2 नवंबर।
जिला मुख्यालय से महज 10 किमी दूर कोड़ातराई के पास दीपावली की रात अज्ञात चोरों के द्वारा एटीएम मशीन चोरी करने का प्रयास किया गया। अपने मंसूबों पर कामयाब नही हो जाने के कारण चोरों को वापस लौटना पड़ा। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है। उक्त मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है।  
मिली जानकारी के मुताबिक राजापारा होमगार्ड ऑफिस के पास रहने वाला शशिकांत थवाईत 55 साल मां शारदा सर्विसेस कंपनी में काम करते हुए एटीएम मशीन का मेंटनेंस काम करता है। गुरूवार को जूटमिल थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी कंपनी का इंडिया 1 का एटीएम ग्राम कोड़ातराई आयुष होटल के बगल में लगा हुआ है। 

गुरूवार को कोड़ातराई में रहने वाला टीकाराम साहू ने उसे सूचना दिया कि किसी अज्ञात चोर ने एटीएम मशीन को चोरी करने का प्रयास किया, पर एटीएम मशीन को निकाल नहीं पाने से मशीन को ले जा नहीं सका और उसे वहीं छोडक़र भाग गया है। जिसके बाद शशिकांत तत्काल मौके पर पहुंचा और जांच करने पर नगदी रकम सुरक्षित मिला। जिसके बाद उसने मामले की सूचना कपंनी में देते हुए जूटमिल थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया। जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।  

बताया जा रहा है कि अज्ञात चोर ने एटीएम मशीन की चोरी करने के लिए उसने वेल्डिंग से एटीएम मशीन को काटा और तोडफ़ोड़ भी किया है। इसके अलावा मशीन के तार कनेक्शन भी काट दिया था। एटीएम में तोडफ़ोड़ कर पैसा निकालने का प्रयास भी किया गया, लेकिन रूपए नहीं ले जा सका।

पुलिस ने बताया कि एटीएम मशीन कक्ष में सीसीटीवी कैमरा लगा था और कंपनी के द्वारा उसका फुटेज पुलिस को दिया जाएगा। जिसके बाद पुलिस फुटेज खंगालेगी और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी आरोपी का कुछ पता नहीं चल सका है।
 


अन्य पोस्ट