रायगढ़
आरोपी को बाल संप्रेषण गृह भेजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 29 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन पर कोतरारोड पुलिस ने शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश से एक लापता नाबालिग बालिका को बरामद कर रायगढ़ वापस लाया है। पुलिस ने बालिका को भगाने वाले अपचारी बालक को किशोर न्याय बोर्ड में पेश कर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया है।
बालिका की मां ने 12 सितंबर को कोतरारोड थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 सितंबर को सुबह काम पर जाने के दौरान उसकी बेटी घर से बिना बताए गायब हो गई। मामले में धारा 137(2) बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज की गई। जांच के दौरान पता चला कि बालिका को उसके घर के पास रहने वाला एक किशोर बालक भगाकर ले गया था, जो स्वयं भी लापता था।
थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने संदेही और बालिका के बारे में परिजनों और गवाहों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई, जिसमें मालूम हुआ कि दोनों मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश में हो सकते हैं। इस सूचना के आधार पर उप-निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में एक टीम उत्तर प्रदेश रवाना की गई।
मुरादाबाद में पता चला कि संदेही बालक के दोस्त ने कसडोल, जिला बलौदाबाजार की एक अन्य बालिका को भी भगाया है, और वे दोनों नाबालिक लडक़ा लडक़ी भी वहां मजदूरी कर रह रहे थे। कसडोल थाना क्षेत्र की गुम बालिका के संबंध में थाना कसडोल में अपराध दर्ज है जिसे कसडोल पुलिस खोज बिन पर उत्तर प्रदेश आई हुई थी, जहां कोतरारोड और कसडोल पुलिस के काफी प्रयासों के बाद दोनों नाबालिग जोड़े शाहजहांपुर जिले को खुटार क्षेत्र में पकड़ लिया गया।
कोतरारोड पुलिस को बालिका ने अपने बयान में बताई कि आरोपित ने उसे शादी का झांसा देकर भगाया और उसके साथ शारीरिक शोषण किया। मामले में आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 87, 69, 65 (1) के तहत कार्रवाई की गई और उसे किशोर न्याय बोर्ड में पेश कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।


