रायगढ़
दो एसी इकोनॉमी कोच की भी मिलेगी सुविधा
चेंबर सचिव परितोष शुक्ला की पहल रंग लाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 27 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रचार सचिव परितोष शुक्ला के लगभग डेढ़ साल के अथक प्रयासों का परिणाम रायगढ़ क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हुआ है। उनके प्रयासों के चलते रायगढ़ को दिल्ली के निजामुद्दीन से जोडऩे वाली गोंडवाना सुपरफास्ट ट्रेन में आगामी 28 तारीख से नई सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं।
इस ट्रेन में अब 3 नए स्लीपर कोच और 2 वातानुकूलित इकोनॉमी कोच जोड़े जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को 240 स्लीपर सीटें और 166 वातानुकूलित इकोनॉमी सीटें किफायती दर पर उपलब्ध होंगी। कुछ वर्ष पूर्व इस ट्रेन में स्लीपर कोच की संख्या केवल 2 थी, जिससे व्यापारी वर्ग सहित आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था।
परितोष शुक्ला ने लगातार पत्राचार और व्यक्तिगत मुलाकातों के माध्यम से रेल मंत्री, जीएम बिलासपुर, और डीआरएम बिलासपुर को इस समस्या से अवगत कराया। उनके इन प्रयासों का परिणाम अब सकारात्मक निर्णय के रूप में सामने आया है, जो रायगढ़ क्षेत्र की जनता को राहत देगा।
परितोष शुक्ला ने यह भी आश्वासन दिया है कि वे रायगढ़ में यात्री रेल सुविधाओं में और बढ़ोतरी के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे, ताकि स्थानीय जनता और व्यापारी वर्ग को बेहतर यात्रा सुविधाएं प्राप्त हो सकें।


