रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 27 अक्टूबर। रायगढ़ जिले में शनिवार को अलग-अलग सडक़ हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है। पहली घटना में जहां एक ट्रेलर चालक की तो दूसरी घटना में सडक़ पार करते समय एक युवक की मौत हो गई है।
पुलिस के मुताबिक पहली घटना शनिवार की सुबह करीब 4 बजे की है। लकेश्वर पटेल आर.के.एम से कोयला खाली करके ट्रेलर क्रमांक सीजी 13 एएन 7132 को चलाते हुए वापस वेदांता साईडिंग जा रहा था।
इस दौरान कुनकुनी गांव के पास स्थित रेल्वे ओवर ब्रिज के पास लगे डिवाडर में ट्रेलर का चक्का चढ़ गया था, जिसे देखने के लिए वह नीचे उतरा था और रोड किनारे खड़ा होकर देख रहा था। इसी दौरान रायगढ़ की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर क्रमांक सीजी एएन 6939 के चालक ने लापरवाही पूर्वक चलाकर लकेश्वर पटेल को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
इस मामले में खरसिया पुलिस ने मृतक के बड़े भाई की रिपोर्ट के बाद आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है।
इसी तरह की दूसरी घटना में नोवेल यादव 30 वर्ष पिता रत्थुराम यादव सक्ति जिले के टुंड्री गांव का रहने वाला था। शनिवार की सुबह साढ़े 10 बजे जोरोपाली चौक के पास तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक युवक और उसकी मां कुछ साल से रायगढ़ में रहकर रोज-मजदूरी करते जीवन यापन कर रहे थे। शनिवार की सुबह अपने गांव जाने पहले युवक अपनी मां को बस से भेजा और स्वयं लिफ्ट मांग कर शाम तक पहुंचने की बात कही थी। नोवेल यादव सुबह लिफ्ट मांग कर जोरापाली चौक के पास पहुंच गया था और जब वह सडक़ पार कर रहा था, इसी दौरान ट्रेलर की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद कोतरा रोड पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजते हुए मामले को जांच में ले लिया है।


