रायगढ़

रेलवे का तांबा तार चोरी, दो आरोपी पकड़ाये
27-Oct-2024 7:27 PM
रेलवे का तांबा तार चोरी, दो आरोपी पकड़ाये

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 27 अक्टूबर। घरघोड़ा के बरकसपाली रेलवे लाईन के किनारे से रेलवे कैटनरी तांबा तार की चोरी का खुलासा करते हुए घरघोड़ा पुलिस ने तीन तांबा चोरों को पकड़ा है। पुलिस ने इनके पास से चोरी का 80 हजार मूल्य का तांबा भी बरामद कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार कल प्रार्थी अजय निकुंज रायगढ़ ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई कि 16-17 अक्टूबर की मध्यरात्रि में अज्ञात चोरों ने ग्राम बरकसपाली रेलवे लाइन के पोल नंबर 40-2, 41-7 से लगभग 100 मीटर कैटनरी तांबा तार (कीमत 35,000) चोरी कर लिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

 पतासाजी के दौरान संदिग्ध नोहर सिंह, निवासी कोगनारा, को मुखबिर की सूचना के आधार पर हिरासत में लिया गया। सख्ती से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी देवनाथ राठिया के साथ मिलकर बरकसपाली रेलवे लाइन से तांबा तार काटकर चोरी की थी।

दोनों आरोपियों ने बांस और लोहे की आरी का उपयोग कर तांबा तार के टुकड़े किए थे। नोहर सिंह के मेमोरंडम पर 30 मीटर कैटनरी तांबा तार (कीमत 25,000) और चोरी में प्रयुक्त आरी पत्ती बरामद की गई।

प्रकरण में दो आरोपियों के होने से धारा 3(5) बीएनएस जोड़ी गई। पुलिस ने देवनाथ राठिया की तलाश कर उसे हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में बताया कि उसने नोहर सिंह के साथ मिलकर तांबा तार को काटा और आपस में बांट लिया। देवनाथ राठिया से 69 मीटर कैटनरी तांबा तार (कीमत 55,000) बरामद हुआ, जिसे गवाहों के सामने विधिवत जब्त कर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी देवनाथ राठिया पहले भी चोरी के अपराध में संलिप्त रह चुका है। दोनों आरोपियों को घरघोड़ा पुलिस द्वारा न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट