महासमुन्द
24 घंटे में ताबड़तोड़ 3 जगह दबिश, गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल, 6 लग्जरी कारें भी जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 फरवरी। महासमुंद जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत एन्टी नारकोटिक टॉस्क फोर्स और स्थानीय पुलिस ने बीते 24 घंटे में गांजा तस्करी के तीन बड़े सिंडिकेट को ध्वस्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में कुल 11 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें मध्यप्रदेश के 5, महाराष्ट्र के 4 और ओडिशा के 2 आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 132.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जिसकी कीमत 66 लाख 25 हजार रुपए बताई जा रही है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 55 लाख रुपए मूल्य की 6 लग्जरी कारें भी जब्त की गई हैं।
पुलिस की इस मुहिम की सबसे अहम कड़ी साइबर थाना के डाटा एनालिटिक्स एंड इंटेलिजेंस डेस्क का विश्लेषण रहा। जिसकी मदद से पुलिस ने रायपुर, राजनांदगांव और महाराष्ट्र के भंडारा जिले की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर महज 6 घंटे के भीतर पूरे नेटवर्क को बेनकाब कर दिया। पुलिस न केवल गांजा ले जा रहे वाहनों को पकडऩे में सफल रही, बल्कि एंड.टू.एंड कार्रवाई करते हुए मुख्य थोक विक्रेताओं और खरीददारों को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया है।
थाना सिंघोड़ा की कार्रवाई में पुलिस ने नेशनल हाईवे 53 पर नाकेबंदी कर दो कारों को पकड़ा। इसमें जबलपुर मप्र के तीन आरोपी अमित राय भरतीपुर, राजकुमार केवट देवताल थाना गाढ़ा और प्रकाश शर्मा बागड़ादफाई थाना ग्वारीघाट को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 52.500 किलो गांजा और तस्करी में प्रयुक्त स्वीफ्ट डिजायर व टाटा इंडिको कार जब्त की गई। आरोपी राजकुमार केंवट का पूर्व में भी जबलपुर के विभिन्न थानों में आबकारी और जुआ एक्ट के तहत आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
दूसरे मामले में थाना कोमाखान और टॉस्क फ ोर्स ने एक संयुक्त ऑपरेशन में नागपुर के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया। यहां बोलेरो वाहन से 40 किलो गांजा जब्त किया गया। इस मामले में ओडि़शा के दो परिवहनकर्ता गजेन्द्र कुमार और बबलू मांडी दोनों निवासी करलापाड़ा कालाहांडी को पकड़ा गया। गजेन्द्र पर ओडि़शा में चोरी और आम्म्र्स एक्ट के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं।
इसी प्रकरण में पुलिस ने आगे की कड़ी जोड़ते हुए पायलेटिंग कर रहे नागपुर के अक्षय वाघाडे, आयुष राहंगडाले, राकेश लांजीतार और मुख्य मास्टरमाइंड अक्षय उर्फ माइकल रंगारी को दो अन्य स्वीफ्ट कारों के साथ पकड़ा है। माइकल रंगारी पर नागपुर में एनडीपीएस और मारपीट के गंभीर मामले दर्ज हैं। तीसरी कार्रवाई थाना बागबाहरा में हुई। जहां हुंडई वेरना कार की तलाशी लेने पर 40 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मुरैना मप्र निवासी सुमित श्रीवास्तव 33 वर्ष और रीना भदौरिया उर्फ रीना तोमर को गिरफ्तार किया है।
इस तरह चालू वर्ष 2026 में अब तक महासमुंद पुलिस ने कुल 34 प्रकरणों में 11 करोड़ 42 लाख रुपए से अधिक का गांजा और 1.20 करोड़ के वाहन जब्त कर 93 तस्करों को जेल भेजा है। पुलिस प्रशासन अब इन आरोपियों के वित्तीय लेन-देन और अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।


