महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 10 फरवरी। जनपद पंचायत बागबाहरा कार्यालय में 9 फरवरी को दिव्यांगजनों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर के द्वारा दिव्यांग हितग्राहियों को आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ करते हुए अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए यह आवश्यक है कि हर वर्ग के साथ-साथ दिव्यांगजनों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराना केवल सहायता नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है।
अध्यक्ष चंद्राकर ने कहा कि इन उपकरणों से दिव्यांगजनों के दैनिक जीवन, शैक्षणिक गतिविधियों और सामाजिक सहभागिता में सहजता आएगी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को उपकरण प्रदान कर उनकी शारीरिक सीमाओं को कम करने और उन्हें सामान्य जीवन के करीब लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिव्यांगजनों की जीवन गुणवत्ता में सुधार करना ही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने आगे कहा कि शासन, प्रशासन, जनप्रतिनिधि और समाज का यह सामूहिक दायित्व है कि दिव्यांग व्यक्तियों और वरिष्ठ नागरिकों की स्वतंत्र कार्यप्रणाली को मजबूत किया जाए, दिव्यांगता की सीमा को रोका जाए और उसे कम करने के लिए सतत प्रयास किए जाएं।
इस अवसर पर दिव्यांगजनों को पांच ट्राईसाइकिल, पांच व्हीलचेयर, पांच श्रवण यंत्र तथा एक वॉकर का वितरण किया गया। उपकरण प्राप्त कर हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी और संतोष स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने उपस्थित जनसमूह को विकसित भारत का मंत्र भारत हो नशे से स्वतंत्र का संदेश देते हुए नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जनपद सीईओ मनहरन लाल मंडावी, जनपद उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार, सभापति लता पाड़े, जनपद सदस्य राहुल चंद्राकर, जुनवानीकला के सरपंच नरेंद्र ठाकुर, पूर्व सरपंच रिंकू चेतन चंद्राकर, मुबारक खान, समाज कल्याण विभाग महासमुंद से अनिल केसरिया, समाज शिक्षा संगठक मानसिंह बरिहा, वरिष्ठ करारोपण अधिकारी लखन साहू, एडीईओ एकलदेव निषाद सहित बड़ी संख्या में हितग्राहीगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


