महासमुन्द
कहा-2047 के विकसित भारत की नींव रख रहा है यह बजट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 फरवरी। केंद्रीय बजट 2026-27 टेक्नोलॉजी, किसान, युवाओं तथा विभिन्न सेक्टरों को ध्यान में रखकर प्रस्तुत किया गया है। इस बजट में टूरिज्म तथा एनिमेशन गेमिंग और डिजाइन में क्रिएटिव कैरियर को खासा फोकस किया गया है। उक्त बातें खाद्य व नागरिक आपूर्ति विभाग के अध्यक्ष व भाजपा नेता संजय श्रीवास्तव ने कल दोपहर भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही।
श्री श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखने वाला ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बजट है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यह 12 वीं बार बजट को प्रस्तुत हुआ है और श्रीमती निर्मला सीतारमण लगातार 9 वीं बार यह बजट पेश करने वाली पहली महिला वित्त मंत्री हैं।
उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत के सपने को साकार करने का महाकाव्य है। यह समाज की समृद्धि और संकल्पों की सिद्धि का बजट है। यह डेवलप्ड इंडिया का डायनामिक बजट है। प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता और विजन से प्रेरित यह बजट वर्ष 2047 के आत्मनिर्भर,सशक्त और समृद्ध भारत की मजबूत नींव रख रहा है। जो किसान,युवा, महिला और देश के युवाओं के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने का यह बजट एक नया अध्याय लिखेगा।
उन्होने कहा कि यह बजट विशेष रूप से गांव, गरीब, किसान, युवा और महिला इन सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चल रही योजनाओं से गरीबी लगातार कम हो रही है और यह बजट गरीब को आत्मनिर्भर बनाने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना की सफलता को आगे बढ़ाते हुए बजट में सेल्फ हेल्प एंटरप्रेन्योर एसएचई मार्ट की व्यवस्था की गई है। हर जिले में बहनों के उत्पादों को बेचने के लिए एक प्लेटफॉर्म के रूप में कम्युनिटी ओन्ड रिटेल सेंटर स्थापित होंगे, जहां स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण बहनों द्वारा तैयार उत्पादों को नया बाजार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पशुपालन, कृषि से जुड़ी गतिविधियों और अन्य कार्यों में लगी बहनें अब केवल आजीविका तक सीमित न रहकर उद्यमी के रूप में आगे बढ़ सकेंगी। यही इस पहल का उद्देश्य है। पत्रकारवार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष येतराम साहू, बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, आयुक्त राज्य स्काउट गाइड संघ इंद्रजीत सिंह गोल्डी, भाजपा महामंत्री थानसिंह दीवान, कोषाध्यक्ष राहुल चंद्राकर मुख्य रूप से उपस्थित थे।


