महासमुन्द

सरायपाली विकासखंड के प्राथमिक व मिडिल स्कूलों में दिन भर लटका रहा ताला
15-Dec-2021 10:06 PM
सरायपाली विकासखंड के प्राथमिक व मिडिल स्कूलों में दिन भर लटका रहा ताला

स्कूलों में पदस्थ 1241 शिक्षकों का सामूहिक अवकाश आज भी जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 दिसंबर।
सरायपाली विकासखंड के प्राथमिक व मिडिल स्कूलों में मंगलवार को दिनभर ताला लटका रहा। इसका कारण इन स्कूलों में पदस्थ 1241 शिक्षकों का सामूहिक अवकाश पर रहना है। शिक्षकों के साथ क्षेत्र के अधिकारी-कर्मचारी सहित अंचल के कुल 8 संगठन मिलकर बीईओ को हटाने की मांग और पूर्व में निलंबित बीईओ को फिर से पदभार देने का विरोध कर रहे हैं।

संगठनों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आंदोलन के बारे में पहले ही चेतावनी दी थी। बावजूद इसके मामले को संज्ञान में नहीं लिया गया। इसके चलते मंगलवार को क्षेत्र के स्कूलों में ताला लटकता रहा और जो बच्चे स्कूल पहुंचे थे, उन्हें वापस लौटना पड़ा। ब्लॉक के सभी अधिकारी व कर्मचारी अपनी मांग को लेकर  मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। संगठन लगातार दोनों ही अधिकारियों को हटाने की मांग करता आ रहा है, लेकिन शिक्षा विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

इस संबंध में प्रभारी शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय ने कहा कि स्कूल बंद की जानकारी मिली है। हड़ताल में सभी के चले जाने से स्कूल बंद हो गया है। व्यवस्था कर स्कूल खुलवाया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक बीईओ को हटाने के लिए विभाग के उच्चाधिकारियों को प्रतिवेदन बनाकर भेज दिया है। कलेक्टर को भी मामले से अवगत कराया गया है। स्कूल खुले चार महीने नहीं हुुए हैं और आंदोलन के चलते छात्रों की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है। दिसंबर में मिडलाइन सर्वे की परीक्षा है। ऐसे में बच्चों के शिक्षा स्तर का आंकलन करने में परेशानी होगी। साथ ही अर्धवार्षिक परीक्षाएं भी स्कूल स्तर पर आयोजित होनी है।

छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष किशोर कुमार रथ बताते हैं कि सरायपाली ब्लॉक में निलंबित बीईओ आईपी कश्यप को फिर से ज्वाइनिंग दे दी गई है। साथ ही उन्हें प्रशासनिक कार्य का  प्रभार भी दिया गया है। इसी तरह एफ  ए नंद को भी बीईओ वित्तीय प्रभार दिया गया है। एफ ए नंद अपात्र हैं, क्योंकि वे प्रधान पाठक हैं। जबकि बीईओ के लिए तीन साल का प्राचार्य का अनुभव होना अनिवार्य है। ऐसे में अपात्र को बीईओ बना देना समझ से परे है। इन्हीं मुद्दों को लेकर सरायपाली ब्लॉक के सभी शिक्षक, अधिकारी-कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। सभी ने मिलकर फैसला लिया है कि जब तक अपात्र बीईओ एफ ए नंद और निलंबित होकर पुन: प्रभार लेने वाले बीईओ आईपी कश्यप को नहीं हटाया जाता, तब तक शिक्षक संवर्ग, कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का सामूहिक अवकाश जारी रहेगा और विरोध प्रदर्शन चलता रहेगा।

शिक्षा विभाग को पहले ही दी गई थी चेतावनी
संगठनों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी थी कि यदि 14 दिसंबर तक बीईओ को नहीं हटाते हैं तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। उनकी मांगों पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने संज्ञान नहीं लिया। इससे नाराज शिक्षकों ने यह कदम उठाया है।
 


अन्य पोस्ट