कोण्डागांव

सोशल मीडिया क्रिएटर्स ने घाटी के वाल पेंटिंग और प्राकृतिक सुंदरता को रील के माध्यम से किया प्रस्तुत
05-Jan-2025 2:52 PM
सोशल मीडिया क्रिएटर्स ने घाटी के वाल पेंटिंग और प्राकृतिक सुंदरता को रील के माध्यम से किया प्रस्तुत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
कोंडागांव, 5 जनवरी।
बस्तर की लाइफलाइन कही जाने वाली केशकाल घाटी में मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद शुक्रवार सुबह सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बहाल हो गई। दो महीने तक चले इस कार्य के दौरान घाटी की दीवारों पर बस्तर की संस्कृति, कला, और पर्यटन स्थलों की झलकियां उकेरी गईं, जिससे घाटी का सौंदर्य और अधिक निखर गया है।

मरम्मत कार्य पूर्ण होने पर गुरुवार को जिला प्रशासन ने एक इंस्टाग्राम रील प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसमें 50 से अधिक सोशल मीडिया क्रिएटर्स ने भाग लिया। इन क्रिएटर्स ने घाटी की दीवारों पर बनी पेंटिंग, घुमावदार मोड़, सडक़ सुरक्षा के संदेश और घाटी की खूबसूरती को रील के माध्यम से प्रस्तुत किया।

बस्तर की झलकियां: वाल पेंटिंग से घाटी की नई पहचान
केशकाल घाटी, जो पहले ‘फूलों की घाटी’ के रूप में प्रसिद्ध थी, अब वाल पेंटिंग के माध्यम से बस्तर की संस्कृति और पर्यटन का प्रतिबिंब बन गई है। दीवारों पर सडक़ सुरक्षा नियम, स्वच्छता संदेश, धार्मिक स्थल और बस्तर के प्रमुख पर्यटन स्थलों की दूरी को दर्शाया गया है। जिससे पर्यटकों को पर्यटन स्थलों तक पहुँचने में आसानी हो।  

रील प्रतियोगिता: युवा क्रिएटर्स ने दी शानदार प्रस्तुति
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा नवाचार करते हुए गुरुवार को दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक रील प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों द्वारा तैयार की गई रील को शाम को पंचवटी पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। निर्णायक मंडल के रूप में, नगर पंचायत केशकाल के नामेश कावड़े, जनपद सदस्य बीरेंद्र बघेल, और धीरेन्द्र शामिल थे, ने विजेताओं का चयन किया।

इस रील प्रतियोगिता में मरकाम स्टूडियो फरसगांव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं अनुराग ने द्वितीय स्थान, पवन मरकाम ने तृतीय स्थान, पूर्वी राठी ने चतुर्थ स्थान, लक्ष्मण ने पांचवा एवं सिवांस ने छटवा स्थान प्राप्त किया। जिसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 5 हजार रूपये और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 3 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2 हजार और चौथा, पांचवा एवं छटवा स्थान प्राप्त करने वालो को एक-एक हजार का नगद पुरस्कार केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम के हाथों दिया गया।

इस अवसर पर श्री टेकाम ने युवाओं से कहा -बस्तर में मौजूद प्राकृतिक छटा है उसे आप सभी ने जानने समझने का प्रयास किया है। इसी तरह  केशकाल में भी कई सारे  छुपी हुई पर्यटन स्थल हैं इसके बारे में भी आप सभी सोशल मीडिया के माध्यम से पर्यटन स्थलों की सुंदरता को देश दुनिया तक पहुंचाने का कार्य करें । उन्होंने इस दौरान केशकाल घाटी की मरम्मत कार्य से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि आप सब केशकाल घाटी की पूर्व की स्थिति से अवगत है। पूर्व में जर्जर गड्डे और आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी। जो आज मरम्मत कार्य के बाद पूरी तरह से ठीक कर दिया गया है। इस दौरान हमारे पुलिस के जवानों ने रात दिन मेहनत कर अपने त्याग और चुनौती के साथ कार्य किया है वह काबिले तारीफ़ है। साथ ही परिवन विभाग से घाट पर भारी भरकम वाहनों के आवाजाही को रोकने के लिए विशेष कदम उठाने के लिए कहा ताकि भारी वाहनों के कारण घाटी को नुकसान न पहुंचे।  

ऑनलाइन ठगी की जानकारी 
इस अवसर पर एसडीओपी भूपत सिंह ने युवाओं को ऑनलाइन फ्रॉड से संबंधित जानकारी देते हुए सभी को सतर्क रहने के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। और कई सारे उदाहरण भी युवाओं के बीच रखे। श्री सिंह ने ऑनलाइन फ्र ॉड के तरीकों को युवाओं के बीच बारीकी से रखा और इन फ्रॉड से कैसे बचा जा सकता है इसकी जानकारी दी।  

इस अवसर पर केशकाल एसडीएम अंकित चौहान, तहसीलदार विजय मिश्रा, नगर पंचायत सीएमओ केशकाल नामेश कावड़े, जनपद सदस्य बीरेंद्र बघेल सहित बड़ी संख्या में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट