कोण्डागांव

संभाग स्तरीय मरका पंडूम आमा जोगानी हर्षोल्लास से मना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 12 अप्रैल। गोंडवाना समाज समन्वय समिति बस्तर संभाग का मरका पंडूम आमा जोगानी 11 अप्रैल को संभागीय कार्यालय के पेन स्थल गोंडवाना भवन भीरावही कांकेर में सर्वप्रथम सिंगारभाट से पेन शक्तियों के साथ रैली के बाद फलों का राजा आम व अन्य फल को हजोर पेन और अपने-अपने बुढ़ालपेन पेन पुरखा को अर्पित किया गया। इस दौरान समाज ने शिक्षित संगठित होकर समाज की एकता व अखंडता के साथ विकास के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
बस्तर संभाग के प्रत्येक कोयतूर नार्र में मरका पंडूम हजारों वर्षों से मनाते आ रहा हैं। इसी कड़ी में गोंडवाना समाज समन्वय समिति के द्वारा गोंडवाना समाज को एकजुट करने के लिए बस्तर संभाग का मरका पंडूम एक साथ मना कर एकता का संदेश देने के लिए पूर्वजों के द्वारा शुरुआत किया गया है। गोंडवाना समाज के अन्तर्गत आने वाले समुदाय अपनी-अपनी सुविधा के अनुसार चैत्र माह तक अपने पेनकड़ा, जागा, पेनमंडा, क्षेत्र ब्लॉक व जिला में मरका पंडूम बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं।
संभागीय मरका पंडूम भीरावही कांकेर में गायता पुजारी, सिरहा मांझी, पटेल, पूर्व संभागीय अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व समस्त पदाधिकारी, संभाग के सभी जिला अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, सभी ब्लॉक अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, समाज के समस्त पदाधिकारीगण जनप्रतिनिधीगण और समाज के गणमान्य नागरिक, युवक युवतियां, बच्चे हजारों की संख्या में उपस्थित थे। इस कार्यक्रम के समाप्ति के बाद मरका पंडूम कार्यक्रम की समीक्षा बैठक गोंडवाना समाज समन्वय समिति के सातों जिला के जिला अध्यक्ष, सचिव, संभाग के समस्त सामाजिक पदाधिकारीगण व समस्त सामाजिक कार्यकर्ताओं के गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। जिसमें तिरूमाल मानक दरपटी जिला अध्यक्ष जिला कांकेर के नेतृत्व में मरका पंडूम पर्व संपन्न होने पर समाज के समस्त पदाधिकारियों और स्वजनों ने धन्यवाद ज्ञापित कर भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की जिस पर तिरूमाल मानक दरपटी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में युवक-युवतियों का सहयोग बढ़-चढ़ कर रहा। इसके साथ ही सफलता का श्रेय सगाजनों का सहयोग व विश्वास ही इस कार्यक्रम को सफल बनाया।
संभागीय अध्यक्ष मनोनीत होते तक सातों जिला के अध्यक्ष संचालक रहेंगे
गोंडवाना समाज समन्वय समिति बस्तर संभाग का कार्यकाल भंग होने के पूर्व सभी संभागीय पदाधिकारीगण सातों जिला अध्यक्ष और सचिवों के पारित प्रस्ताव के निर्णय अनुसार सभी जिला अध्यक्ष नये संभागीय अध्यक्ष मनोनीत होते तक संचालन करेंगे। जिस दिन संभागीय कार्यालय भंग हुआ उस दिन अन्य संगठन कोया वंशीय मुरिया समाज के द्वारा जबरन अपने मनमर्जी अनुसार 11 लोगों ने तिरूमाल कन्हैया उसेंडी को कार्यवाहक संभागीय अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया, जो बायलॉज के विरुद्ध है। मरका पंडूम के समीक्षा बैठक में सातों जिला अध्यक्ष, सचिव, समस्त सामाजिक पदाधिकारी की उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ता गणों ने निर्णय लिया। जो पूर्व में प्रस्ताव पारित है, उसे ही मान्य किया जाए, संभागीय अध्यक्ष मनोनीत होते तक संचालन समिति का सभी प्रकार के पत्र व्यवहार तिरूमाल मानक दरपटी जिला अध्यक्ष कांकेर के हस्ताक्षर से जारी होगा व अन्य संगठन कोयावंशीय मुरिया समाज के द्वारा मनोनीत कार्यवाहक संभागीय अध्यक्ष तिरूमाल कन्हैया उसेंडी द्वारा बाहरी शाक्तियों के दबाव में लिये सभी निर्णयों को शून्य घोषित किया गया है।
कार्यकारिणी सदस्य तिरूमाल प्रभु लाल केमरो बड़ेराजपुर ब्लॉक अध्यक्ष, तिरूमाल शिव लाल मरकाम, जिला मीडिया प्रभारी तिरूमाल रामजी वट्टी, सामाजिक कार्यकर्ता को टोंडा, मंडा कुंडा से आडा लगाया गया था। जिसे शून्य घोषित करने का सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। संभागीय अध्यक्ष मनोनीत होने तक संचालन समिति द्वारा मनोनीत तिरूमाल मानक दरपटी, जिला अध्यक्ष कांकेर के हस्ताक्षर मय जारी पत्र ही मान्य होगा।
साथ ही समाज से यह भी अपील की गई कि किसी भी तरह से संवैधानिक पदाधिकारियों के द्वारा जारी आदेश निर्देश का पालन न करते हुए शिक्षित संगठित होकर समाज की एकता व अखंडता के साथ विकास के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया गया।