कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 19 दिसंबर। केशकाल पुलिस की टीम ने पेट्रोलिंग के दौरान स्टेट बैंक के समीप माता-पिता से अज्ञानतावश बिछड़ कर सडक़ पर पैदल चलते हुए घाटी की ओर जा रहे 4 वर्षीय बालक को सकुशल उसके माता पिता तक पहुंचा कर मानवता की मिसाल पेश की है, वहीं बच्चे के परिजनों ने इस पुनीत कार्य के लिए केशकाल पुलिस को धन्यवाद दिया है।
ज्ञात हो कि केशकाल पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान विश्रामपुरी चौक केशकाल स्टेट बैंक के सामने रोड किनारे-किनरे पैदल केशकाल घाटी की ओर जाते हुए एक 4 वर्ष का बालक मिला, जो नेशनल हाईवे 30 के किनारे-किनारे अपने घर से करीब 4-5 किलोमीटर पैदल चलकर वहां तक पहुंचा था। उसे रोक कर पूछने पर भी वह अपने माता-पिता का नाम व घर का पता ठीक से नहीं बता पा रहा था। तत्पश्चात पुलिस ने इसे गम्भीरतापूर्वक लेते हुए तत्काल अपने सूत्रों से बच्चे के माता पिता का पता ढूंढ लिया। वहीं अपने बच्चे के गुम होने व आसपास ढूढऩे से नहीं मिलने पर रो-रो कर परेशान उसकी मां भी काफी परेशान थी, उन्हें घर पहुंच कर मासूम बच्चे को सकुशल सुपुर्द किया गया।
पुलिस द्वारा किये गए मानवता भरे कार्य को देखते हुए बच्चे के माता-पिता व आस पड़ोस के लोगों ने केशकाल पुलिस को कहा धन्यवाद। इस बालक को उनके माता-पिता से मिलाने मे थाना प्रभारी केशकाल निरीक्षक राजेन्द्र मण्डावी एवं स.उ.नि. वकील कुरैशी, आर. मनोहर निषाद व आर. नारद यदु का कार्य सराहनीय रहा।


