धमतरी

किसानों, महिला समूहों को मिला डिजिटल कृषि तकनीक का प्रशिक्षण
25-Nov-2025 7:11 PM
किसानों, महिला समूहों को मिला डिजिटल कृषि तकनीक का प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 25 नवंबर। कुरूद चर्रा में स्थित शासकीय कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र द्वारा किसानों तथा महिला स्वसहायता समूहों के लिए कृषि मोबाइल एप्लिकेशनों का व्यवहारिक प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन आयोजित किया गया। जिसमें प्रतिभागियों को मोबाइल आधारित कृषि सलाह, मौसम पूर्वानुमान, प्राकृतिक आपदा चेतावनी, फसल रोग, कीट पहचान, बाजार भाव एवं मूल्य तुलना जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्रदान की गई।

ग्राम पंचायत बानगर में बीएससी कृषि के विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को आधुनिक डिजिटल कृषि तकनीकों से जोडऩे की इस पहल के तहत प्लॉटिकस ऐप, कृषि मंडी ऐप और दामिनी ऐप का लाइव प्रदर्शन किया। प्लॉटिकस ऐप के माध्यम से फसल रोग कीट पहचान, पोषक तत्वों की कमी, उपचार एवं प्रबंधन उपायों की जानकारी दी गई। कृषि मंडी ऐप के प्रयोग से दैनिक बाजार भाव, नजदीकी मंडियों के मूल्य तुलना और सही विक्रय समय का चयन करने के तरीके बताए गए। दामिनी ऐप से आकाशीय बिजली की चेतावनी, सुरक्षा उपाय एवं मौसम जोखिम प्रबंधन की जानकारी प्रतिभागियों को दी गई।

 किसान और महिला समूह सदस्यों के मोबाइल फोन पर ऐप इंस्टॉल कर स्टेप बाय स्टेप मार्गदर्शन प्रदान किया गया। वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से ऐप के उपयोग की उपयोगिता समझाई गई। प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान विद्यार्थियों और विषय विशेषज्ञों द्वारा किया गया। साथ ही डिजिटल कृषि के बढ़ते महत्व पर खुलकर चर्चा की गई। कार्यक्रम में डॉ. नवनीत राणा, डॉ. भूमिका हत्गिया, डॉ. युवराज ध्रुव ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया। प्रतिभागियों ने कहा कि पहली बार उन्हें कृषि मोबाइल एप्लिकेशनों का इतना सरल, स्पष्ट और व्यवहारिक प्रदर्शन देखने मिला, जिससे अब वे डिजिटल तकनीक का उपयोग कर अपनी कृषि गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बना सकेंगे।


अन्य पोस्ट