धमतरी

1 नवंबर को दिवाली, 2 को गोवर्धन पूजा, 1 महीने तक तीज-त्योहार की धूम और शुभ संयोगों का योग, खरीदारी रहेगी फलदायी
18-Oct-2024 3:25 PM
1 नवंबर को दिवाली, 2 को गोवर्धन पूजा, 1 महीने तक तीज-त्योहार की धूम और शुभ संयोगों का योग, खरीदारी रहेगी फलदायी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 18 अक्टूबर।
अमावस्या के कारण इस साल दिवाली और गोवर्धन पूजा की तारीख को लेकर संशय है। दीपावली तिथि के मतभेद को लेकर धमतरी के विप्र विद्वत परिषद के ब्राह्मणों और ज्योतिषियों ने निर्णय लिया है कि दीपावली 1 नवंबर को ही मनाई जाएगी।

परिषद के अध्यक्ष पं. अशोक शास्त्री, संरक्षक पं. महेश शास्त्री, पं. संतोष तिवारी, पं. होमन शास्त्री, पं. अयोध्या पांडेय, पं. घनश्याम द्विवेदी ने बताया कि इस वर्ष अमावस्या तिथि 31 अक्टूबर को दिन में 3.53 बजे से प्रारंभ होकर 1 नवंबर को शाम 6.17 बजे तक रहेगी। इस वजह से इस साल 1 नवंबर को लक्ष्मी पूजा और 2 नवंबर को गोवर्धन पूजा होगी।

31 अक्टूबर को नरक चतुर्दशी
विप्र विद्वत परिषद के मीडिया प्रभारी पं. राजकुमार तिवारी ने बताया कि देव पंचांग के अनुसार 30 अक्टूबर को धनतेरस है। 31 को नरक चतुर्देशी, 1 नवंबर को लक्ष्मी पूजा, 2 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 3 नवंबर को भाईदूज मनाना शुभ रहेगा। प्रदोष काल के अलावा अमावस्या भी पड़ रहा है, इसलिए 1 नवंबर को लक्ष्मी पूजा करना शुभ है।

2022 में सूर्यग्रहण की वजह से 1 दिन बाद हुई थी गोवर्धन पूजा
साल 2022 में 25 अक्टूबर को सूर्यग्रहण था। जिस कारण से एक दिन गैप के बाद गोवर्धन पूजा हुई थी। 24 अक्टूबर को एक दिन में ही नरक चौदस व दिवाली मनाई गई थी। पंडि़तों के अनुसार 25 अक्टूबर की शाम को खंडग्रास सूर्यग्रहण की वजह से सूरत 12 घंटे पहले लग गया था। हालांकि इस साल गेप की स्थिति नहीं बनने की बात पंडि़त कह रहे हैं।

30 अक्टूबर को धनतेरस
धनतेरस के दिन ही धन्वंतरि कलश लेकर प्रकट हुए थे, इसलिए धनतेरस के दिन पात्र का क्रय किया जाना चाहिए। पात्र की क्षारणीय क्षमता से तेरह गुना धन और ऐश्वर्य प्राप्त होने के योग बनते हैं। इस दिन चांदी और पीतल के बर्तन खरीदने से मानसिक शांति मिलती है। सोने-चांदी के गहने, इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम व वाहन क्रय करना भी शुभ रहेगा।

यह सामान खरीदारी करना शुभ
सर्वार्थ सिद्धि या शुभ संयोगों में घरेलू, व्यावसायिक या बिजनेस को लेकर किए जाने वाले कार्य शुभ होते हैं। इन मांगलिक तिथियों में प्रॉपर्टी, सोने-चांदी के आभूषण, दो पहिया व चार पहिया इलेक्ट्रिक व्हीकल, टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, कंप्यूटर-लैपटॉप, मोबाइल, एसी आदि खरीदना शुभ रहेगा। इन दिनों मांगलिक कार्य भी किए जा सकेंगे।

दिवाली से पहले व बाद में ये शुभ मुहूर्त और योग
20 अक्टूबर- करवा चौथ, 21 अक्टूबर को सर्वार्थ सिद्धि योग व अमृत सिद्धि योग, 22 अक्टूबर को त्रिपुष्कर योग, 24 अक्टूबर को गुरु पुष्य, सर्वार्थ सिद्धि व अमृत सिद्धि योग, 29 अक्टूबर को त्रिपुष्कर योग, 30 अक्टूबर को धनतेरस व सर्वार्थ सिद्धि योग, 31 अक्टूबर को रूप चतुर्दशी 1 नवंबर को दिवाली, 2 नवंबर को त्रिपुष्कर योग व गोवर्धन पूजन, 9 नवंबर को गोपाष्टमी, 10 नवंबर को आंवला नवमी, 12 नवंबर को तुलसी विवाह, देवउठनी एकादशी, 13 नवंबर को प्रदोष व्रत शुक्ल, 15 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा व देव दिवाली


अन्य पोस्ट