दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली/दंतेवाड़ा, 28 दिसंबर। साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए दंतेवाड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये की साइबर ठगी के एक गंभीर मामले में बिहार के पूर्वी चंपारण एवं पश्चिम चंपारण से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वित्तीय लेनदेन (फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन) एनालिसिस और अत्याधुनिक साइबर फॉरेंसिक टूल्स की मदद से की गई। यह संयुक्त कार्रवाई साइबर सेल दंतेवाड़ा, थाना कोतवाली दंतेवाड़ा एवं थाना किरंदुल द्वारा की गई।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय द्वारा साइबर ठगी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए विशेष निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन के मार्गदर्शन एवं साइबर सेल नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक ठाकुर गौरव सिंह के पर्यवेक्षण में इस मामले की विवेचना की गई। विवेचना के दौरान प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ कर बैंकिंग एवं ट्रांजैक्शन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ एकत्र की गईं। इसके पश्चात निरीक्षक श्री धनंजय सिन्हा के नेतृत्व में दंतेवाड़ा, किरंदुल, गीदम एवं बचेली थाना की संयुक्त टीम गठित कर बिहार राज्य रवाना की गई।
प्रकरण में किरंदुल निवासी प्रार्थी को वर्ष 2023 में फोन कर यह कहा गया कि आपका एक पार्सल आया है, जिसमें विदेशी मुद्रा है। पार्सल प्राप्त करने के नाम पर कस्टम चार्ज, सीबीआई चार्ज और इनकम टैक्स का हवाला देकर प्रार्थी से लगभग एक माह के भीतर करीब 50 लाख रुपये की ठगी की गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना किरंदुल में धारा 420 भादवि एवं 66(डी) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
100 से ज्यादा बैंक खातों
की हुई जांच
दंतेवाड़ा साइबर सेल एवं किरंदुल पुलिस द्वारा 100 से अधिक बैंक खातों के ट्रांजैक्शन का गहन विश्लेषण किया गया। साइबर फॉरेंसिक टूल्स की मदद से ठगी की रकम के ट्रेल को ट्रेस करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
गिरफ्तार आरोपियों में अरविन्द कुमार चौधरी, विद्या कुमार साहनी दोनों निवासी बिहार के हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सायबर अपराध से बचाव को लेकर पुलिस की अपील
जिला दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा लगातार नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी जा रही है। पुलिस ने विशेष अपील की है किसी को भी लिंक या बैंक जानकारी साझा न करें। पार्ट-टाइम जॉब, लॉटरी, पार्सल, कस्टम चार्ज जैसे कॉल से सतर्क रहें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।


