दन्तेवाड़ा
सुरक्षा, रात्रि गश्त और सीसीटीवी व्यवस्था पर चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 2 फरवरी। नगर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में नए थाना प्रभारी नगर निरीक्षक प्रहलाद कुमार साहू ने आज थाना परिसर में बचेली के व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। इस बैठक में नगर के बड़ी संख्या में गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनसे रूबरू हुए। व्यापारियों ने मुख्य रूप से नगर में रात्रि गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरों को अपडेट करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और दुरुस्त किए जाने की मांग रखी।
इस पर नगर निरीक्षक प्रहलाद कुमार साहू ने व्यापारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि नगर की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रात 12 बजे के बाद बेवजह घूमने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे चोरी एवं आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
बैठक के दौरान सभी व्यापारियों ने अपना-अपना परिचय दिया, जिससे पुलिस और व्यापारिक समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।
इस बैठक में विशेष रूप से चैंबर ऑफ कॉमर्स छत्तीसगढ़ के सतीश प्रेमचंदानी, चैंबर मंत्री डी.एम. सोनी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। बैठक को लेकर व्यापारियों में सकारात्मक माहौल देखा गया और पुलिस-व्यापारी सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में इसे एक अहम पहल माना जा रहा है।


