दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 20 नवंबर। दंतेवाड़ा में धान उत्पादक किसानों हेतु राज्य शासन द्वारा सौगात दी गई है। किसानों द्वारा धान बेचने हेतु पंजीयन की समय सीमा में बढ़ोतरी की गई है।
13,678 किसानों में से अब तक 7 पंजीकृत किसानों से 83.20 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है, वहीं आगामी खरीदी के लिए 6 किसानों को 400 क्विंटल धान बेचने हेतु टोकन जारी कर दिए गए हैं।
खरीदी केन्द्रों में बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, डिजिटल भुगतान तथा समितियों के माध्यम से अधिकतम 10 हजार रुपये तक नकद आहरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। किसानों की सुविधा के लिए टोकन सिस्टम को और सरल बनाया गया है। जिसके तहत किसान अपने एंड्रॉइड फोन से टोकन तुहर द्वार ऐप के माध्यम से सुबह 8 से शाम 5 बजे तक रविवार से शुक्रवार तक टोकन ले सकते है। खरीदी केंद्र में भी ऑपरेटर द्वारा सुबह 9:30 से शाम 5 बजे तक टोकन जारी किए जा रहे हैं।
तीन श्रेणियों में टोकन की सुविधा
धान खरीदी में इस वर्ष नए प्रावधान लागू किए गए हैं। जिनमें किसानों को गेट पास और टोकन जारी करने की प्रक्रिया तीन श्रेणियों में विभाजित की गई है। दो एकड़ तक भूमि वाले किसानों को एक टोकन, दो से दस एकड़ वाले किसानों को दो टोकन तथा दस एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को तीन टोकन जारी किए जा रहे हैं। प्रत्येक किसान को खरीदी केंद्र पहुंचते समय अपना टोकन साथ लाना अनिवार्य है। टोकन में दिए गए क्यूआर कोड के आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा।
खरीदी प्रक्रिया पर निगरानी रखने और धान के पुनचक्रण पर नियंत्रण के लिए जिला एवं तहसील स्तरीय जांच दल गठित किए गए हैं। जिला स्तर पर इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की स्थापना कर विशेष निगरानी दल नियुक्त किए गए हैं। खरीदी अवधि समाप्त होने तक सक्रिय रहेंगे। किसानों की सहायता के लिए पृथक हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है, जिसका टेलीफोन नंबर 07856-252412 है। इसके अतिरिक्त एग्रीस्टेक का टोल-फ्री नंबर 18002331030 तथा खाद्य विभाग का टोल-फ्री नंबर 18002333663 भी जारी किया गया है। सभी खरीदी केन्द्रों पर खरीदी प्रभारी, सहायक प्रभारी, डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं नोडल अधिकारी की नियुक्ति कर दी गई है। पूर्व में हड़ताल पर गए समितियों के प्रबंधक एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर भी वापस कार्य पर लौट आए हैं। जिससे खरीदी कार्य सुचारू रूप से जारी है।


