दन्तेवाड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 6 जून। दंतेवाड़ा पुलिस की विशेष पहल घर वापस आईये अभियान अंतर्गत शुक्रवार को बड़ी कामयाबी मिली। पुलिस अफसरों के समक्ष 7 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय द्वारा नक्सली संगठन के सदस्यों से मुख्य धारा में जुडऩे की अपील की जा रही है। इसी क्रम में दो ईनामी सहित सात नक्सलियों ने शुक्रवार को घर वापसी की। इनमें जुगलू उर्फ सुंडम कोवासी जिला बीजापुर अंतर्गत मिरतुर थाना के कुड़मेर का निवासी है। उक्त नक्सली लीडर पोमरा - आरपीसी चेतन नाट्य मंडली सदस्य के तौर पर कार्यरत था। उक्त नक्सली पर राज्य शासन द्वारा 5 लाख रुपए का पुरस्कार घोषित किया गया था।
एक दूसरे नक्सली लीडर दशा उर्फ बुरकू पोडियम ने समर्पण किया। उक्त नक्सली बीजापुर जिले के मिरतुर थाना के कुड़मेर का निवासी है। यह नक्सली पोमरा आरपीसी चेतना नाट्य मंडली सदस्य के तौर पर कार्यरत था। राज्य शासन द्वारा उक्त नक्सली पर पर पांच लाख रुपए का पुरस्कार घोषित किया गया था।
इसी क्रम में भोजा मांडवी ने घर वापसी की। उक्त नक्सली बस्तर जिला अंतर्गत थाना के साले पाल भट्बेड़ा का निवासी है। उक्त नक्सली बोदली आरपीसी जनताना सरकार सदस्य के रूप में सक्रिय था।
लखन उर्फ लखमा मरकाम ने घर वापसी की। लखमा कटे कल्याण थाना अंतर्गत टेटम का निवासी है। उक्त नक्सली उतला आरपीसी मिलेशिया सदस्य के तौर पर कार्यरत था।बेचपाल मूलवासी बचाओ सदस्य रतू उर्फ ओथा कवासी ने भी घर वापसी की।
सुखराम पोडियम ने भी आत्मसमर्पण किया। उक्त नक्सली बीजापुर जिले के बांगापाल का निवासी है। वह नक्सली संगठन में कारकावाड़ा जीआरडी सदस्य के तौर पर कार्यरत था।
पांडुरु पोडियम ने भी आत्मसमर्पण किया। उक्त नक्सली नारायणपुर जिला अंतर्गत ओरछा थाना के डूंगा आरपीसी मिलिशिया सदस्य के तौर पर कार्यरत था।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में नक्सली नेता और तेलंगाना राज्य समिति के सदस्य भास्कर को मार गिराया। भास्कर पर 45 लाख रुपये का ईनाम था- पुलिस