दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 15 मार्च। आज दंतेवाड़ा और सुकमा की संयुक्त सुरक्षा बलों और नक्सलियों की मुठभेड़ में 2 ईनामी नक्सली ढेर हो गए। घटनास्थल से हथियार और नक्सल सामान भी बारमद किए गए हैं।
दंतेवाड़ा और सुकमा के सरहदी इलाके में दोनों ही जिलों के संयुक्त सुरक्षा बलों द्वारा नक्सली उन्मूलन अभियान चलाया गया था। इसी दौरान मंगलवार सुबह सुकमा जिला अंतर्गत कुकानार थाना के गोरली और मुटेली गांव में संयुक्त पुलिस बल पहुंचा। सुरक्षाबलों के आने की खबर सुनकर नक्सलियों ने पुलिस पर घात लगाकर हमला किया। सुरक्षाबलों ने उक्त हमले का मुंह तोड़ जवाब दिया। पुलिस का पलड़ा भारी होता देख नक्सली भाग निकले।
घटनास्थल की तलाशी लिए जाने पर दो हार्डकोर नक्सलियों के शव बरामद हुये। इसमें एलओएस कमांडर मंजूला पुनेम (34) का शव बरामद किया गया। उक्त नक्सली कमांडर बीजापुर जिला अंतर्गत गंगालूर थाने के सावनार गांव की निवासी थी। राज्य शासन द्वारा इस नक्सली कमांडर पर 5 लाख का पुरस्कार घोषित किया गया था।
इसी कड़ी में एक अन्य नक्सली लीडर का शव पुलिस के हाथ लगा। जिसकी शिनाख्त डीवीसी दलम सदस्य गंगी मूचाकी (26) के रूप में हुई। उक्त महिला नक्सली सुकमा जिला के कुकानार थाना अंतर्गत मेसडब्बा गांव की निवासी थीं। राज्य शासन द्वारा उक्त लीडर पर 1 लाख का पुरस्कार घोषित किया गया था।


