दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 15 मार्च। कल दंतेवाड़ा में नक्सलियों की खोखली विचारधारा और राज्य शासन की बेहतर पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर तीन नक्सलियों ने पुलिस अफसरों के समक्ष आत्मसमर्पण किया।
पुलिस प्रशासन की विशेष पहल घर वापस आइए अभियान को सोमवार को बड़ी कामयाबी मिली। अरनपुर थाना अंतर्गत जबेली गांव के तीन नक्सलियों ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी और उप महानिरीक्षक, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, विनय सिंह के समक्ष आत्मसमर्पण किया।
पुलिस के मुताबिक अरनपुर थाना अंतर्गत मलांंगीर एरिया कमेटी के तहत जबेली पंचायत मिलिशिया सदस्य भीमा मंडावी उर्फ मल्ला (39 वर्ष) ने आत्मसमर्पण किया।
उक्त नक्सली जबेली के स्कूल पारा का निवासी है। आत्सममर्पित नक्सली विगत कई वर्षों से नक्सली संगठन में जन मिलिशिया सदस्य के रूप में सक्रिय था। उसने विभिन्न घटनाओं में भागीदारी निभाई थी।
इसी कड़ी में चेतना नाट्य मंडली सदस्या जोगी कलमूमी (19 वर्ष) ने भी पुलिस अफसरों के समक्ष सोमवार को आत्मसमर्पण किया। जोगी अरनपुर थाना अंतर्गत जबेली गांव की निवासी है। जोगी विगत कई वर्षों से नक्सली विचारधारा के प्रचार-प्रसार में संलग्न थीं।
एक अन्य महिला नक्सली भीमे कुंजाम (25) ने सोमवार को ही घर वापसी की। भीमे नक्सली संगठन में चेतना नाट्य मंडली सदस्या के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही थी। उक्त महिला नक्सली नक्सली विचारधारा के प्रचार-प्रसार में सक्रिय थी।
ज्ञात हो कि घर वापस आइए अभियान अंतर्गत कुल 529 नक्सली घर वापसी कर चुके हैं, जिनमें 128 नक्सली ईनामी भी हैं।


