दन्तेवाड़ा

धान खरीदी के आखिरी दिन 30 किसानों ने बेचा धान
09-Feb-2022 4:20 PM
धान खरीदी के आखिरी दिन 30 किसानों ने बेचा धान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दन्तेवाड़ा, 9 फरवरी ।
धान खरीदी के अंतिम दिन जिले के 30 पंजीकृत किसानों से 1566.40 क्विंटल धान की खरीदी हुई। शासन व प्रशासन द्वारा जिले में धान खरीदी कार्य में किसानों की सहूलियतों का पूरा ध्यान रखा गया।
इस वर्ष धान खरीदी के लिए पंजीकृत 11 हजार 136 किसानों के लिए 12 उपार्जन केन्द्र की व्यवस्था की गई थी। पंजीकृत 11 हजार 136 किसानों से अंतिम दिवस तक कुल 1 लाख 74 हजार 372 क्विंटल धान की खरीदी की गई। धान खरीदी कार्य के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए गए। खरीदे गये धान की सुरक्षा एवं उठाव पर भी सतत निगरानी रखने के निर्देश दिये गये थे। जिसके फलस्वरूप बेमौसम बारिश में भी धान सुरक्षित रहा।

किसानों ने कहा कि टोकन कटाने, धान तौलाने और बेचे गए धान के एवज में राशि प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हुई। राज्य सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने किसानों की सहुलियत का पूरा ध्यान रखा। जिससे किसानों में खुशहाली का माहौल है। जिला प्रशासन के मार्ग निर्देशन में शत-प्रतिशत पात्र किसानों के पंजीयन, धान खरीदी आदि अन्य व्यवस्था के लिए सहकारिता, खाद्य, कृषि, राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों ने विशेष प्रयास किया।

संतुलित धान खरीदी- प्रबंधक
जिला सहकारी बैंक के प्रबंधक छोटे लाल यादव ने बताया कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इस संबंध में धान खरीदी केंद्र के प्रभारियों को निर्देश दिए गए थे। इस वर्ष धान खरीदी में बारदाना की कमी नहीं हुई। इसके साथ ही धान खरीदी में गुणवत्ता का भी ध्यान रखा गया था इस तरह से इस वर्ष धान खरीदी संतुलित ढंग से संपन्न हुई।

गड़बड़ी रोकने जिला व तहसील स्तर पर बनाया गया निगरानी दल
कलेक्टर दीपक सोनी ने धान खरीदी व्यवस्था पर सतत निगरानी के लिए जिला व तहसील स्तर पर निगरानी दल का गठन किया था। जिसके कारण धान के अवैध परिवहन और भण्डारण के विरुद्ध सतत कार्रवाई की गई।
खरीदी केन्द्रवार जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए। नोडल अधिकारियों से प्राप्त प्रतिवेदन धान खरीदी व्यवस्था बनाये रखने के लिए कारगर साबित हुआ। कलेक्टर ने धान खरीदी से संबंधित सूचनाओं के आदान प्रदान के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया। किसानों एवं अन्य लोगों से धान खरीदी से संबंधित प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण किया गया। उल्लेखनीय है कि जिले में समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी की शुरूआत 1 दिसम्बर से हुई। धान खरीदी के साथ ही समान्तर रूप से कस्टम मिलिंग के लिए धान का उठाव तेजी से किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट