ट्रैक्टर दुर्घटना के बाद कांग्रेस ने अवैध रेत खनन का लगाया आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 7 सितंबर। कुरुद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नारी में रेत परिवहन में लगे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में एक बच्चे की मौत हो गई। घटना के उपरांत धमतरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पीडि़त परिवार से मुलाकात कर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
लिखित बयान जारी कर जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने इस घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक आम हादसा नहीं है, बल्कि प्रशासन और सत्ता के संरक्षण में चल रहे अवैध कारोबार की वजह से हुई हत्या है।
उन्होंने कहा कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के नियमों के तहत रेत खदानें बंद होने के बावजूद क्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन जारी है। उन्होंने कोकड़ी रोड स्थित कथित अवैध रेत डंपों का उल्लेख करते हुए प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठाए।
पीडि़त परिवार को तत्काल आर्थिक मुआवजा देने तथा दोषी वाहन चालक एवं संबंधितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।
क्षेत्र के अवैध रेत डंपों को जब्त कर बंद कराने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि कार्रवाई न होने पर कांग्रेस पार्टी द्वारा आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, लकेश्वर साहू, चोवाराम नागरची, खम्हन साहू, सुखराम सोनकर, हेमंत साहू, ओमप्रकाश, यादराम, राजकुमार, धनीराम, अंजनी मुकेश सतनामी, तेजराम, खिलावन साहू, पुणेंद्र साहू, शिवनंदन, बंसी पाल, बुधारू सोनकर, अश्वनी सोनकर, पोखराज साहू, रेवा सेन, दयालु साहू एवं नंद कुमार साहू सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री आवास योजना पर जन चौपाल
सारंगढ़, 7 सितंबर। जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत बरभाठा ‘अ’ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर जन चौपाल का आयोजन किया गया।
जनपद पंचायत सारंगढ़ के सीईओ राधेश्याम नायक ने चौपाल में उपस्थित हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रावधानों की जानकारी दी तथा स्वीकृत आवास निर्माण कार्यों को समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में सरपंच राजेश जांगड़े, सचिव अरविंद अजय, रोजगार सहायक चंदराम सिदार, जनपद ऑपरेटर कुलदीप बंज सहित स्थानीय पंच और ग्रामीण उपस्थित थे।