धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 4 सितंबर। प्रदेश सरकार द्वारा धमतरी जिले में सडक़ अधोसंरचना को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने कुरूद क्षेत्र में 16 किमी मार्ग के चौड़ीकरण-मजबूतीकरण के लिए 35.87 करोड़ तथा धमतरी-गंगरेल मार्ग उन्नयन के लिए 81.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इससे आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा और कृषि, व्यापार, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में धमतरी जिला की दो महत्वपूर्ण सडक़ परियोजनाओं के लिए 117.30 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। जिसमें कुरूद क्षेत्र के 16 किलोमीटर मार्ग हेतु 35.87 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी शामिल है। कुरूद-चर्रा-छाती-उड़ेना-झिरीया-कंडेल-भोथली-संबलपुर मार्ग के 16 किलोमीटर लंबाई में चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, पुल-पुलिया सहित निर्माण कार्य के लिए 2025-26 के बजट मद से स्वीकृति मिली है। इस मार्ग के उन्नयन से कुरूद क्षेत्र के अनेक गांवों के बीच आवागमन बेहतर होगा। ग्रामीणों को जिला एवं विकासखंड मुख्यालय, बाजार, शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। साथ ही किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत होगी और ग्रामीण क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
इसी तरह धमतरी-गंगरेल-कुकरेल मार्ग 18.50 किलोमीटर मार्ग में से 11.40 किलोमीटर हिस्से में चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, पुल-पुलिया सहित निर्माण कार्य के लिए 81 करोड़ 43 लाख 56 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। जिसके कुछ हिस्से में 4-लेन तथा कुछ भाग में 2-लेन सडक़ का निर्माण प्रस्तावित है। इस सडक़ के उन्नयन से धमतरी शहर को गंगरेल और कुकरेल क्षेत्र से बेहतर संपर्क मिलेगा तथा क्षेत्र में बढ़ती यातायात आवश्यकताओं के अनुरूप सडक़ अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। इस संबंध में कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि सडक़ों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण से क्षेत्र के ग्रामीणों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है। धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी-गंगरेल-कुकरेल मार्ग का चौड़ीकरण-मजबूतीकरण धमतरी के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे गंगरेल सहित आसपास के पर्यटन क्षेत्रों तक पहुंच सुगम एवं सुरक्षित होगी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले में सडक़ एवं अन्य बुनियादी अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।