धमतरी

पर्यावरण मित्रों का एडवेंचर बाइक ट्रैकिंग
10-Sep-2026 4:23 PM
पर्यावरण मित्रों का एडवेंचर बाइक ट्रैकिंग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 10 सितंबर। पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक अध्ययन के उद्देश्य से नगर के पर्यावरण मित्र ग्रुप ने दो दिवसीय एडवेंचर बाइक ट्रैकिंग अभियान के दौरान गरियाबंद जिले के ओड क्षेत्र सहित ओडिशा राज्य के विभिन्न जलप्रपातों की बाइक एवं पैदल ट्रैकिंग कर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया।

              विकेन्ड पर आयोजित अभियान को ग्रुप के वरिष्ठ सदस्य दक्षिणेन्द्र गिरी ने चंडी मंदिर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रैकिंग दल मगरलोड, गरियाबंद होते हुए बेस कैंप मैनपुर पहुंचा। यहां से अलसुबह पहाडिय़ों और चारों ओर फैली हरियाली से घिरे ओड गांव के समीप स्थित कारीपगार जलप्रपात तक पैदल ट्रैकिंग की गई। इसके बाद दल ने ओड से आमामोरा होते हुए ओडिशा राज्य के चौलधारा जलप्रपात की बाइक ट्रैकिंग की। यहां करीब 3 किलोमीटर की पैदल ट्रैकिंग कर सदस्यों ने झरने की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया। इसके साथ ही बेनियारधस और खरालधस जलप्रपातों का भ्रमण किया गया। घने जंगल, पहाड़ और हरियाली के बीच स्थित इन जलप्रपातों ने ट्रैकिंग दल के सदस्यों को खासा आकर्षित किया।

ग्रुप लीडर पुष्कर गोस्वामी ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे विगत 30 वर्षों से ओड क्षेत्र के जलप्रपातों का भ्रमण करते आ रहे हैं। बचपन से ही ओड गांव के बूढ़ाराजा, कारीपगार, शेषपगार और कुलाप जलप्रपातों के नयनाभिराम दृश्य उन्हें आकर्षित करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संपदा से समृद्ध यह क्षेत्र प्रकृति प्रेमियों और एडवेंचर पसंद करने वाले सैलानियों के लिए किसी पैराडाइज (स्वर्ग)से कम नहीं है। ग्रुप में आकाश चंद्राकर, नीरज शुक्ला, रोहित चैनवानी, तिजील गोस्वामी, अनय चंद्राकर, अर्जुन शुक्ला, मनोज, टोमेश, कुंदन, चंद्रकुमार, रितेश आदि सदस्य शामिल रहे।


अन्य पोस्ट