धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 7 सितंबर। सप्ताह भर पहले त्यौहार मनाने की है वर्षों पुरानी अनूठी परंपरा के अनुसार ग्राम सेमरा सी में 7 सितम्बर को पोला त्यौहार का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रामवासियों ने मिलजुलकर पोला पर्व का आनंद लिया। बालकों ने मिट्टी के बैल दौड़ाए और कन्याओं ने मिट्टी के छोटे छोटे बर्तनों में खाना बनाकर सुखद जीवन का संदेश दिया।
धमतरी जिले के कुरुद ब्लाक अंतर्गत ग्राम सेमरा में प्रमुख त्यौहार एक सप्ताह पहले मनाने की अनोखी परम्परा रही है। जिसके चलते रविवार को यहां पोला त्यौहार हर्षोंउल्लास के साथ मनाया गया। जबकि अन्य जगह यह पर्व एक सप्ताह बाद मनाया जाएगा। ग्रामीणों के आमंत्रण पर सेमरा पहुँची जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू ने सभी ग्राम वासियों को पोला त्यौहार की बधाई देते दी।
उन्होंने कहा कि पशुधन एवं खेती से जुड़े तीज त्यौहार हमें अन्नदाता एवं पशुधन के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का संदेश देते हैं। हमारे लोक पर्व में छत्तीसगढ़ की परंपरा संस्कृति को जीवित रखने का उद्देश्य निहित होता है। लेकिन इस गाँव में शुरू से मान्यता रही है कि हर त्यौहार को एक सप्ताह पहले मनाया जाता है। होली, दीवाली, गौरा-गौरी, गोवर्धन पूजा सहित सभी त्यौहार अन्य गाँव से सप्ताह भर पहले मनाया जाता है। गांव के बुजुर्गों ने बताया कि सेमरा सी में मतभेद और मनभेद की भावना से परे हटकर ग्रामीण पुरानी परंपरा को आज भी कायम रखे हुए है।
त्योहार पर उत्साह इसी से समझा जा सकता है कि शादी के बाद दूसरे गांवों में जा चुकी बेटियों के साथ उनके परिजन भी त्यौहार मनाने गांव आते हैं। मान्यता अनुसार सेमरा (सिलौटी) गांव में यह परंपरा पीढिय़ों से चली आ रही है। यहां के प्रमुख देव सिदार देव है। उन्होंने किसी को स्वप्न में दर्शन देकर सारे पर्व एक सप्ताह पहले मनाने के लिए कहा। तब से गाँव वाले दीपावली, होली, पोला और हरेली जैसे पर्व तय तारीख से एक सप्ताह पूर्व मनाते आ रहे हैं।