धमतरी

कुरूद क्षेत्र की पंचायतों का आयुक्त ने किया निरीक्षण
06-Sep-2026 7:49 PM
कुरूद क्षेत्र की पंचायतों का आयुक्त ने किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 6 सितंबर। विकसित भारत-जी राम जी के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने कुरूद विकासखंड के ग्राम पंचायत धूमा में बालिका शौचालय निर्माण, अमृत सरोवर और पंचायत भवन का जायजा लिया। वहीं ग्राम पंचायत चरमुडिय़ा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा सहित पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

कुरुद जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत धूमा में बालिका शौचालय निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए आयुक्त श्री सिन्हा ने निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता का अवलोकन किया। उन्होंने कार्य में लगे श्रमिकों से संवाद कर मजदूरी भुगतान की स्थिति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को श्रमिकों के भुगतान से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने अमृत सरोवर का भी निरीक्षण कर स्व-सहायता समूह द्वारा की जा रही मछली पालन की जानकारी लेते हुए समूह के सदस्यों से आय, आजीविका और गतिविधियों की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने जल संरक्षण से निर्मित परिसंपत्तियों को ग्रामीण आजीविका से जोडऩे तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने वाली गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

 पंचायत भवन में आयुक्त  ने क्यूआर कोड स्कैन कर ग्राम पंचायत में पूर्ण एवं प्रगतिरत विभिन्न विकास कार्यों की डिजिटल जानकारी का अवलोकन किया। उन्होंने क्लार्ट ऐप तथा युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से प्रस्तावित एवं स्वीकृत कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत आवासों और निर्माण की प्रगति की जानकारी लेकर अधिकारियों को पंचायत स्तर पर योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, कार्यों की प्रगति को पोर्टल पर अद्यतन रखने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। 

ग्राम पंचायत चरमुडिय़ा की आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करते हुए आयुक्त श्री सिन्हा ने केंद्र की व्यवस्थाओं, उपलब्ध सुविधाओं एवं संचालन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के लिए पोषण, स्वच्छता, सुरक्षित वातावरण तथा आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की देखभाल का स्थान न होकर उनके समग्र विकास की आधारभूत इकाई हैं, इसलिए यहां उपलब्ध सुविधाओं का नियमित रूप से जायजा लिया जाना आवश्यक है। जनपद पंचायत कुरूद कार्यालय में  अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों की बैठक में पंचायतों की कार्ययोजना तैयार करने, कार्यों को सिक्योर एवं युक्तधारा पोर्टल में शामिल करने तथा उनकी स्वीकृति एवं प्रगति की प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की गई।

आयुक्त श्री सिन्हा ने विकसित भारत-जी राम जी योजना के अंतर्गत बारिश के दौरान और बारिश के बाद प्राथमिकता के आधार पर किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में कार्यों का चयन स्थानीय आवश्यकता, उपलब्ध संसाधनों, प्राकृतिक परिस्थितियों और ग्रामीणों की प्राथमिक जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाए। कार्ययोजना केवल औपचारिक दस्तावेज न होकर ऐसी उपयोगी और टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण का आधार बने, जिनका लाभ ग्रामीणों को लंबे समय तक मिल सके।


अन्य पोस्ट