धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 24 अगस्त। नगर पंचायत भखारा में प्रधानमंत्री आवास योजना फस्ट फेस के अंतर्गत स्वीकृत आवासों में जो अभी तक पूर्ण नहीं हो पाए हैं, उन्हें 30 सितंबर तक पूरा कराने के लिए निकाय प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलया जा रहा है। जिसके तहत अपूर्ण आवासों के हितग्राहियों के ठिकाने में जाकर निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने की समझाईश दी जा रही है।
ज्ञात कि नगर पंचायत भखारा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत ऐसे 16 हितग्राही हैं जिनके आवास अभी तक पूरे नहीं हुए हैं। उन सभी हितग्राहियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने आवास निर्माण का शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करें। आवास पूर्ण होने के बाद हितग्राहियों को जियो टैगिंग तथा पूर्णता प्रमाण पत्र से संबंधित आवश्यक कार्यवाही भी पूरी करनी होगी, ताकि योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों को समय पर पूर्ण दर्शाया जा सके।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकिशन पावरिया ने हितग्राहियों को बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है। इसलिए स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित समय पर पूरा होना आवश्यक है। उन्होंने हितग्राहियों से अपील की कि वे अपने आवास निर्माण के बचे हुए कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराएं तथा आवास पूर्ण होने के बाद कार्यालय में आवश्यक दस्तावेज और प्रक्रिया पूरी कराएं। इसके लिए सीएमओ के नेतृत्व में कार्यालय के कर्मचारी आकाश पटेल एवं शेखर सिंह अपूर्ण आवास वाले हितग्राहियों के घर-घर जाकर उन्हें अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की बात कही।
उन्होंने विशेष रूप से जियो टैगिंग एवं पूर्णता प्रमाण पत्र की प्रक्रिया समय पर पूर्ण कराने पर जोर दिया, ताकि आवासों के निर्माण की स्थिति का विभागीय स्तर पर रिकॉर्ड अपडेट किया जा सके। नगर पालिका की टीम द्वारा हितग्राहियों को योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी भी देकर निर्माण कार्य में आने वाली समस्याओं की जानकारी ली गई।।