धमतरी

सोशल मीडिया की ताकत से दुनिया तक पहुंचेगी धमतरी की खूबसूरती
08-Sep-2026 4:43 PM
सोशल मीडिया की ताकत से दुनिया तक पहुंचेगी धमतरी की खूबसूरती

डैम, पहाड़, मंदिर, आदिवासी संस्कृति और स्थानीय खानपान बनेंगे डिजिटल कंटेंट का हिस्सा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 कुरुद, 8 सितंबर।  धमतरी जिले की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध जैव विविधता, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत तथा साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से मॉनसून क्रिएटर मीट-अप 2026 का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आये कंटेंट क्रिएटर्स ने यहाँ के पर्यटन स्थलों, लोक-संस्कृति, खानपान तथा स्थानीय जीवनशैली को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।

 बरदिहा रिसोर्ट में हुए कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल और सोशल मीडिया का है। सोशल मीडिया की पहुंच और प्रभाव इतना व्यापक है कि किसी अनदेखे पर्यटन स्थल, स्थानीय कला, परंपरा अथवा प्रतिभा को प्रभावी कंटेंट के माध्यम से बहुत कम समय में देश-दुनिया के सामने पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि ‘मॉनसून क्रिएटर मीट-अप’ जैसे आयोजन क्रिएटर्स को आपस में सीखने, अनुभव साझा करने और नए विचारों के साथ गुणवत्तापूर्ण कंटेंट तैयार करने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि धमतरी में पर्यटन की दृष्टि से विविध और आकर्षक संभावनाएं मौजूद हैं। यहां गंगरेल सहित अन्य जलाशय, पहाड़ी क्षेत्र, धार्मिक स्थल, वन एवं जैव विविधता, आदिवासी संस्कृति, स्थानीय व्यंजन और ग्रामीण जीवन पर्यटकों तथा कंटेंट क्रिएटर्स के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं। इन विशेषताओं को रचनात्मक और जिम्मेदार तरीके से डिजिटल माध्यम पर प्रस्तुत कर धमतरी को पर्यटन के नए गंतव्य के रूप में स्थापित किया जा सकता है। जिला प्रशासन पर्यटन स्थलों के विकास के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को पर्यटन आधारित रोजगार और उद्यमिता से जोडऩे पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। पर्यटन बढऩे से होम-स्टे, स्थानीय परिवहन, गाइड, फूड एवं हस्तशिल्प, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, एडिटिंग सहित अनेक क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को कंटेंट क्रिएशन, डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया मार्केटिंग जैसे नए क्षेत्रों में आगे बढऩे के लिए आवश्यक सुविधाएं एवं सहयोग उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए जिले में पर्यटन समिति का गठन किया गया है। कंटेंट क्रिएटर्स को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुरूद में यूट्यूब रूम तैयार किया जा रहा है। आने वाले समय में कंटेंट क्रिएशन और डिजिटल मीडिया का क्षेत्र युवाओं के लिए बड़ा अवसर बन सकता है। प्रशासन का प्रयास है कि स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिले और वे धमतरी की सकारात्मक पहचान को डिजिटल दुनिया तक पहुंचा सकें।

जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने बताया कि जिले की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पर्यटन स्थलों को व्यापक प्रचार मिलने से जिले में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास को अब योजनाबद्ध और समग्र दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। श्री नाहटा ने कहा कि पर्यटन स्थलों पर आतिथ्य व्यवस्था, होम-स्टे, आधारभूत अधोसंरचना, स्वच्छता, पर्यटकों की सुविधा, स्थानीय उत्पादों और खानपान को बढ़ावा देकर स्थानीय समुदाय को पर्यटन गतिविधियों से जोडक़र यह सुनिश्चित करने का प्रयास होगा कि पर्यटन का लाभ सीधे ग्रामीण क्षेत्रों और स्थानीय लोगों तक पहुंचे। उन्होंने कंटेंट क्रिएटर्स से धमतरी के पर्यटन स्थलों, संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय विशेषताओं को अधिक से अधिक प्रचारित करने का आह्वान किया।

कंटेंट क्रिएटर्स ने धमतरी के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर वहां की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं को कैमरे में कैद किया। इस दौरान पर्यटन को बढ़ावा देने में डिजिटल स्टोरीटेलिंग, रील्स, शॉर्ट वीडियो, फोटोग्राफी और ट्रैवल कंटेंट की भूमिका पर भी चर्चा हुई। अंत में कंटेंट क्रिएटर्स को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


अन्य पोस्ट