पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 दिसंबर। ईडी ने ईसीआईआर में कहा है कि छत्तीसगढ़ में सरकारी संरक्षण में शराब घोटाला हुआ था। इसमें 2161 करोड़ रुपए का अवैध रूप लेन देन हुआ है। इसमें नेता, और सरकारी अफसर शामिल रहे हैं।
करीब डेढ़ वर्ष की जांच के बाद बनी ईसीआईआर (रिपोर्ट)में ईडी ने कई खुलासे किए। इसमें बतौर आबकारी मंत्री कवासी की भूमिका पर ईडी ने कहा है कि कवासी लखमा को शराब घोटाले के चलते कमीशन के रूप में हर महीने 50 लाख रुपये मिलते थे। इस घोटाले में अन्य नेताओं और अफसरों का भी नाम सामने आया है।
ईडी ने 70 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जिनमें कवासी लखमा भी शामिल हैं। लखमा, अशिक्षित हैं और वे हस्ताक्षर भी नहीं कर सकते। ऐसे में राज्य के राजस्व से जुड़ा इतना अहम विभाग उनके जिम्मे देकर सत्ता प्रमुख उनकी आड़ में आबकारी कारोबार से जुड़े काम करते रहे?। कवासी से आज की पूछताछ और दस्तावेजों की जब्ती जांच के बाद घोटाले में शामिल लोगों पर जांच तेज होने की संभावना है।
कांग्रेस नेताओं को आत्म चिंतन करना चाहिए- तोखन
ईडी के इन छापों पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि कोयला घोटाला, शराब घोटाला करने वाले सब जेल जाएंगे। कांग्रेस पार्टी के नेताओं को आत्म चिंतन करना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से हो भ्रष्टाचारियों और अपराधियों को बचाने का काम कर रही है।जीरो टॉलरेंस की नीतियों पर काम कर रहे हैं। किसी भी क्षेत्र में भ्रष्टाचार करने वाले को बख्शा नहीं जायेगा। उन्हें जेल भेजा जाएगा। प्रदेश में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाए जा रहे हैं।
कवासी के घर के भीतर 6 घंटे की छानबीन और पूछताछ के बाद दोपहर करीब 1 बजे ईडी के तीन अधिकारियों ने बाहर निकलकर कवासी की कार सीजी 04 एमएम 0009 से बड़ी मात्रा में कागजात जब्त किया। आशंका यह है कि कवासी घोटाले से संबंधित कागकाज घर में न रखकर हमेशा कार में रखते थे। हालांकि यह भी बताया जा रहा है कि ये कागजात हाल के शीतसत्र कवासी के पूछे प्रश्न और उत्तरों से संबंध हैं।
चुनाव पर पड़ेगा असर
निकाय और पंचायत चुनाव से ठीक पहले जिला पंचायत और नगर पालिका अध्यक्ष के ठिकानों पर ईडी की रेड से हडक़ंप मचा हुआ है। इस कार्रवाई न केवल सुकमा बल्कि बस्तर संभाग के निकायों की राजनीति पर बड़ा असर करेगा। भाजपा इसे कांग्रेस नेताओं के खिलाफ प्रचार में इस्तेमाल करेगी।
पहले हरीश फिर कवासी को घेरा, धूप सेंक रहे थे
ईडी ने सुबह 5 बजे पहले सुकमा में कवासी लखमा के बेटे और जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश कवासी के साथ नगर पालिका अध्यक्ष राजू साहू के घरों को घेरा। इससे पहले की कवासी को रायपुर में भनक लगती रायपुर की टीम ने रायपुर में 6 बजे कवासी लखमा के घर में भी दस्तक दे दी। उस वक्त कवासी नींद से उठकर आंगन में धूप सेंक रहे थे। बता दें कि कवासी पिछले लंबे अर्से से सुकमा अपने घर नहीं जाकर रायपुर में ही रहे हैं। हाल के शीत सत्र में सदन में ही उनसे पूछा गया था कि वे कितने महीनों से घर नहीं गए हैं। कवासी को मई 23 में हुए झीरम कांड के मुख्य चश्मदीद भी है और वे आधिकारिक रूप से नक्सलियों के थ्रेट में भी है।
सुशील ओझा को भी घेरा

इधर ईडी ने कांग्रेस नेता सुशील ओझा के घर पर ईडी ने दबिश दी है। सुशील कवासी लखमा के करीबी रहे हैं। और चौबे कॉलोनी में रहते हैं । सुशील, कवासी के लिए लाइजनिंग करते रहे हैं । उनके पिता जीआरपी रायपुर में पदस्थ थे। सुशील कांग्रेस संगठन के पदाधिकारी और पीसीसी सदस्य हैं। सुशील रायपुर से बाहर है। ईडी अफसर उनके बड़े भाई, पत्नी नौकर और ड्राइवर समेत अन्य परिजनों से पूछताछ और घर में तलाशी कर रहे हैं। आशंका यह भी है कि प्रदेश के पुलिस महकमे में खासी दखल रखने वाले सुशील को छापे की भनक लग गई थी। इसके बाद ही वह फरार हो गए। सुशील के 2 जनवरी को रायपुर लौटने की जानकारी मिली है।