रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 दिसंबर। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन के बाद अब रायपुर में आयोजित होने वाली 24वीं राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता-2024 के कार्यक्रम में भी बदलाव हुए हैं। वनवासी विकास समिति द्वारा आयोजित की जा रही इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के विभिन्न कार्यक्रम रद्द किए गए हैं। स्वागत समिति ने भी तय किया है कि प्रतियोगिता के दौरान होने वाली विशाल खेल ज्योति यात्रा, मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मातृहस्त भोजन एवं प्रदर्शनी जैसे सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। डॉ सिंह को श्रद्धांजलि देने के बाद अब दोपहर 3 बजे प्रतियोगिता का उद्घाटन किया जाएगा। प्रतियोगिता के समापन को भी सामान्य एवं औपचारिक रखा गया है।
गौरतलब है कि राजधानी रायपुर में 24वीं राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है, जिसमें 25 प्रान्तों के 800 से अधिक जनजातीय खिलाड़ी तीरंदाजी एवं फुटबॉल के खेल में भाग लेने आये हैं।