रायपुर
महंत की हर बात का जवाब विधानसभा में दिया गया-साव
राज्यपाल को लिखी चिठ्ठी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 दिसंबर। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने राज्यपाल रामेन डेका को पत्र में लिखा कि, छत्तीसगढ़ विधानसभा के हालिया शीत सत्र में पारित विधेयक क्रमांक 11 तथा 12 संविधान विरूद्ध होने के कारण उचित कार्यवाही करने की आवश्यकता है।
महंत ने बताया कि, सत्र में 19 दिसंबर को नगर पालिका अधिनियम में संशोधन पर दो विधेयक पारित किये गये हैं। दोनो विधेयको पर विधानसभा द्वारा विचार प्रारंभ किये जाने के पूर्व ही विपक्ष के द्वारा दोनो विधेयको के संविधान के विरूद्ध होने के तथ्य की ओर ध्यान आकर्षित कराते हुए भारत के संविधान के अनुच्छेद 243-प (243-यु) के विरूद्ध होने का कथन किया गया था, औ रउच्चतम न्यायालय के द राइट पेटीसन (सी) नं. 278 ऑफ 2022 डिसाइडेड ऑन मई 10, 22 का उल्लेख करते हुए अनुरोध किया गया था कि दोनों विधेयकों के कतिपय प्रावधान संविधान के विरुद्ध होने के कारण इन पर प्रस्तुत रूप में विचार करने में सदन के समक्ष नहीं होने का भी कथन किया गया, परन्तु दोनों विधेयकों को पारित कर दिया गया।
नेता प्रतिपक्ष डॉ महंत ने अपने पत्र में उपरोक्त दोनों विधेयकों की प्रतिलिपि उच्चत्तम न्यायलय के उपरोक्त आदेश की प्रतिलिपि तथा भारत के सविधान के अनुच्छेद 243-प (243-यु) की प्रति (अंग्रेजी तथा हिंदी में) सलंग्न की है। भारत का संविधान के अनुच्छेद 243-प (3) (क) में यह आदेशात्मक प्रावधान है कि नगरपालिका की पांच वर्ष की अवधि समाप्त होने के पूर्व नगरपालिका के गठन के लिए निर्वाचन किया जायेगा परन्तु उपरोक्त दोनों विधेयकों के पारित होने के पश्चात् अधिनियक बन जाने पर पांच वर्ष के अवधि के पूर्व नया निर्वाचन करने की बाध्यता समाप्त होकर 6 माह की अतिरिक्त अवधि अनुज्ञेय हो जाएगी। अत: यह संविधान के उक्त प्रावधान के प्रभाव को निष्प्रभावी करने वाला संशोधन होगा। जो पूरी तरह से असंवैधानिक है।
कोई उल्लंघन नहीं, महंत की हर बात का जवाब दिया गया
इस पर नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव ने आज कहा कहा कि जो भी संशोधन हुए हैं। उनमें संविधान की किसी भी धारा का उल्लंघन नहीं हुआ है । विधानसभा में चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष की हर बात का जवाब दिया गया है । चर्चा के बाद अध्यक्ष ने भी व्यवस्था दी थी उसके बाद ही विधेयक पारित किए गए थे।