महिला नागरिक सहकारी बैंक महासमुंद की वर्ष 2021-22 हेतु वार्षिक आमसभा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 सितम्बर। महिला नागरिक सहकारी बैंक महासमुंद की वर्ष 2021-22 हेतु वार्षिक आमसभा कल 18 सितंबर को अमृत बाई हाई स्कूल परिसर महासमुंद में आयोजित की गई। आमसभा में बैंक की अध्यक्ष अरुणा शुक्ला ने कहा कि उन्होंने कहा कि ग्राहकों का विश्वास ही हमारी पूंजी है। इस पूंजी को सहेजकर रखना ही हमारा प्रथम कर्तव्य है, जो बिना आपके सहयोग के पूर्ण नहीं हो सकता है।
बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कुमार दवे ने बैंक के प्रगति प्रतिवेदन का सविस्तार जानकारी देते हुए विषय सूची को आमसभा में प्रस्तुत किया। जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित कर अनुमोदित किया। बैंक की अध्यक्ष अरुणा शुक्ला ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि बैंक के आधार स्तंभ सभी खातेधारकों, संचालक मंडल के सदस्यों तथा बैंक के संचालन हेतु अपने कर्तव्यों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहे सभी कर्मचारियों, अधिकारियों एवं अंशधारियों को धन्यवाद देना चाहती हूं। जिनके सहयोग, मार्गदर्शन एवं परिश्रम से सहकारिता से सशक्तिकरण की भावना फ लीभूत हो रही है।
उन्होंने कहा कि सहकारिता से समृद्घि की ओर मूल मंत्र को कार्य योजना बनाकर ही बैंक भूतकाल के परिणामों की चिंता न कर वर्तमान एवं भविष्य को सामने रखकर ही कार्य किया जा रहा है। निश्चित ही उसके गुणात्मक परिणाम प्राप्त हुये हैं जो कदाचित लक्ष्य से आगे है। हम सहकारिता के भावना के अनुरूप एक सोच-एक राह पर एक साथ निरंतर प्रगति पथ पर बढ़ रहे हैं। सन् 1998 से प्रारंभ किया गया यह बैंक अपनी स्थापना के 24 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण कर चुका है।
उन्होंने कहा कि संचालक मंडल द्वारा व्यवसायिक रूप से बैंक को सक्षम बनाने हेतु समय-समय पर कर्मचारियों एवं संचालक सदस्यों के लिये प्रशिक्षण आयोजित करता रहा है। अन्य प्रदेशों के बैंकों का भ्रमण कर बैंक प्रणाली का अध्ययन किया गया, जिसका लाभ बैंक को प्राप्त हो रहा है। वर्तमान प्रतिस्पर्धा एवं डिजीटल सुविधाओं के विस्तार को ध्यान में रखते हुये बैंक द्वारा स्वयं का बैंकिंग ऐप उपलब्ध कर ग्राहकों को सभी तरह की डिजीटल बैंकिंग सुविधाएं दी जा रही है।
जानकारी अनुसार छत्तीसगढ़ में स्थित अन्य नागरिक सहकारी बैंकों के मुकाबले यह बैंक अपने ग्राहकों को यूपीआई, फ ोन पे, गुगल पे एवं अन्य सुविधाएं दी गई है। यह बैंक समय-समय पर विभिन्न आयोजन किये जाते रहे हैं जिसमें वृद्घ जनों के लिये स्वास्थ्य परीक्षण, उनकी मांग एवं आवश्यकता अनुसार आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। शिक्षक दिवस के अवसर पर सेवा निवृत्त शिक्षकों का सम्मान, ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को अधिक से अधिक बैंकिंग सुविधाओं का लाभ, समय-समय पर साक्षरता संबंधी कैम्प का भी आयोजन किया जाता रहा है।
आमसभा में बैंक की अध्यक्ष ने वर्ष 2021-22 हेतु संचालक मंडल के प्रस्ताव के अनुरुप 12 प्रतिशत लाभांश देने की घोषणा की, जिसका सदस्यों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। बैंक की उपाध्यक्ष सती साहू ने इस अवसर पर सदस्यों से ऋण सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की। बैंक की वरिष्ठ संचालक रंजना शर्मा, संचालक अनिता रावटे ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में बैंक के 24 वर्षों की उपलब्धि यात्रा के बारे में बताया। 25 वर्ष पूरे होने पर आगामी भविष्य के कार्यक्रमों की जानकारी दी।
इस दौरान सेवानिवृत्त वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक एसआर बंजारे ने भी सभा को संबोधित करते हुये कहा कि बैंक का लाभ एवं ऋण वसूली में बैंक द्वारा अच्छा प्रयास किया गया है। उन्होंने नियमों के अंतर्गत बैंक विस्तार हेतु शाखा खोलने के लिये प्रयास करने को कहा। पत्रकार उत्तरा विदानी ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता के बिना उद्घार संभव ही नहीं है। उन्होंने बैंक की उत्तरोत्तर प्रगति के लिये संचालक मंडल एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की एवं आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में सहकारिता के क्षेत्र में महिला बैंक मील का पत्थर साबित होगा।
आमसभा को संचालक साधना सिंह ठाकुर एवं सदस्य रोशन आरा रिजवी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन संचालक इंद्राणी पांडे ने किया। इस दौरान उषा चंद्राकर, सुनीता देवांगन, श्यामकुमारी महिलांग, मीना वर्मा, बैंक प्रतिनिधि तारा चंद्राकर, सीता डोंडेकर एवं सदस्य सविन्दर कौर, राजिन्दर कौर, सुमित्रा तिवारी, सुलोचना प्रधान, अमरीका चंद्राकर, सती चंद्राकर, राजेश्वरी दीवान, रुखमणी श्रीवास्तव, अनुसुईया श्रीवास्तव, किरण सिंघल, कुसुम गोलछा, बैंक कर्मचारी एवं सदस्य महिलाएं काफी तादात में उपस्थित थीं।