कलशयात्रा गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में दर्ज होगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जनवरी। बसना नगर के नीलांचल भवन में सर्व समाज श्रीमद् भागवत कथा आयोजन समिति एवं विधानसभा क्षेत्रवासियों द्वारा क्षेत्र की सुख समृद्धि एवं मंगलकामनाओं के लिए आगामी 16 से 24 जनवरी तक नगर के दशहरा मैदान पदमपुर रोड बसना में आहुत है। इस ऐतिहासिक श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह कार्यक्रम के रूपरेखा के बारे पत्रकारों से रूबरू होते हुए कार्यक्रम के संयोजक एवं नीलांचल सेवा समिति के संस्थापक डॉ.संपत अग्रवाल ने बताया कि नीलांचल सेवा समिति के स्थापना दिवस 16 जनवरी से बसना के दशहरा मैदान में 16 से 24 जनवरी तक दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे कथा कार्यक्रम होगी। माघ कृष्ण पक्ष 9 सोमवार 16 जनवरी को प्रात:9 बजे कलश यात्रा में बसना विधानसभा से 25 हजार महिलाएं पीला वस्त्र पहनकर कलश यात्रा में शामिल होंगी।
इस कलशयात्रा का कीर्र्तिमान गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में दर्ज होगा। इसके पूर्व नीलांचल सेवा समिति द्वारा आयोजित हरिनाम संकीर्तन में 20 मई 2018 को 30 हजार लोगों एक साथ हरिनाम संकीर्तन नाम लेने एवं मृदंग वादन में दो-दो विश्व कीर्तिमान स्थापित किया जा चुका है। इस बार कलश यात्रा का शुभारंभ हाई स्कूल मैदान से होकर दशहरा मैदान में समाप्त होगी। इस दौरान 51 कीर्तन दलस बैंड पार्टी एवं डीजे बाजा शामिल होगी।
बसना नगर के चौक, चौराहों सहित विभिन्न जगहों में कलश यात्रा में शामिल रथ में भगवान श्रीकृष्ण राधा सहित महाराज एवं कलश यात्रियों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद 17 जनवरी को कथा के पूर्व बसना विधानसभा के सभी समाज प्रमुखों का सम्मान किया जावेगा। तत्पश्चात मोक्ष कथा का वाचन होगा। इसी प्रकार माघ कृष्ण पक्ष 11 बुधवार 18 जनवरी को भगवान शंकर का पार्वती को भागवत सुनाना, शुकदेव जन्म, महाभारत खंड, परीक्षित जन्म, माघ कृष्ण पक्ष 12 गुरुवार 19 जनवरी को परीक्षित को श्राप, शुकदेव आगमन, कपिल देवहुति संवाद, ध्रुव चरित्र, माघ कृष्ण पक्ष 13-14 शुक्रवार 20 जनवरी को प्रहलाद चरित्र, गजेन्द्र मोक्ष, वामन अवतार, राम कथा, कृष्ण जन्मोत्सव, माघ अमावस्या शनिवार 21 जनवरी को नंदोत्सव, भगवान शंकर का कृष्ण के दर्शन, बाल लीला, माखन चोरी, गोवर्धन लीला, माघ शुक्ल पक्ष रविवार 22 जनवरी को गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग, रासलीला, भगवान शंकर का रासलीला में आना, रुक्मिणी विवाह, माघ शुक्ल पक्ष 2 सोमवार 23 जनवरी को कृष्ण के विवाह का वर्णन, जरासंध उद्धार, सुदामा चरित्र, माघ शुक्ल 3 पक्ष मंगलवार 24 जनवरी को पूर्णाहुति और महाभंडारा कर श्रीमद् भागवत कथा का समापन किया जावेगा।
डा. संपत अग्रवाल ने कार्यक्रम की तैयारी के बारे में बताते हुए कहा कि तैयारी जोरों शोरों से चल रही है। बसना नगर के चारों प्रवेश द्वार सहित पूरा नगर को भगवा झंडा, फ्लैक्स, तोरण से दुल्हन की भांति सजाया जा रहा है। कथा स्थल में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ की संभावना को देखते हुए 30 हजार लोगों के बैठने के लिए टेंट, डोम की व्यवस्था की गई है। श्रीमद् भागवत कथा का प्रचार प्रसार हेतु सजावट के लिए पोस्टर बैनर नगर के सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों एवं बसना विधान सभा के प्रत्येक गांवो में लगाया जा रहा है। इसके अलावा विधानसभा के 40 हजार से अधिक घरों में चावल, सूपा के साथ निमंत्रण दिया गया है। प्रतिदिन भागवत कथा के पश्चात प्रत्येक श्रद्धालु के लिए भण्डारा प्रसाद की व्यवस्था है। भागवत कथा में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह सहित पूर्व मंत्री एवं भाजपा के पदाधिकारी शामिल होंगे।