महासमुन्द
स्वास्थ्य केन्द्रों, रैन बसेरों में की जा रही अलाव की व्यवस्था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जनवरी। महासमुंद जिले में इस वक्त जोरदार शीतलहर जारी है। जिले के सीएमएचओ ने एक विज्ञप्ति जारी कर बच्चों एवं बूढ़ों का विशेष ध्यान रखने की अपील जिले के लोगों से की है। हालांकि स्वास्थ्य केन्द्रों, रैन बसेरों में अलाव की व्यवस्था है लेकिन डाक्टरों ने अपील की है कि सर्दी से संबंधित कोई प्रभाव शरीर पर दिखाई दे, जैसे नाक-कान,पैर-हाथ की उंगलियां आदि लाल हो जाएं, अत्यधिक कांपना,सुस्ती,कमजोरी, सांस लेने में तकलीफ हो तो तत्काल स्थानीय चिकित्सक से परामर्श लें।
डॉक्टरों की अपील है कि जितना संभव हो, घर के भीतर ही रहें। जरूरी कार्य होने पर ही बाहर निकलें। आवश्यकतानुसार गर्म पेय पीते रहें। वृद्ध व्यक्तियों एवं गर्भवती महिलाओं का गम्भीरता से ध्यान रखें और उन्हें अकेला ना छोड़ें। शीतलहर से बचाव हेतु गर्म कपड़े स्वेटर, ऊनी कपड़े, टोपी एवं मफलर, कंबल, अलाव आदि का उपयोग करें। स्वास्थ्यवर्धक, ताजा और गर्म भोजन करें साथ ही बासी भोजन करने से परहेज करें।
लोगों से अपील की गई है कि यदि केरोसिन व कोल हीटर का उपयोग करते हैं तो गैस व धुएं निकलने के लिए रोशनदान की व्यवस्था रखें। समाजसेवी संस्था, दानदाताओं एवं एनजीओ के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित कर मलिन बस्तियों के रहवासियों को गर्म कपड़े, चादर के लिए प्रोत्साहित करें। मौसम से संबंधित समाचार व संदेशों को सुनकर उनमें विहित सलाहों का अनुसरण करें तथा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श के लिए टोल फ्री नंबर 104 पर डायल कर आवश्यक जानकारी व सुझाव प्राप्त करें।